SIR in UP: एसआईआर में गलतियों के लिए मतदाताओं को मिल रहा नोटिस, ब्लॉक पर उमड़ रही भीड़
देवरिया में गांधी सभागार में एसआईआर फॉर्म की त्रुटियों के संशोधन के लिए भारी भीड़ उमड़ी। नाम, पता आदि में गलतियों के कारण नोटिस मिलने से लोग चिंतित थे ...और पढ़ें

एसआईआर में त्रुटियों के लिए नोटिस मिलने पर ब्लाक में उमड़ी भीड़।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, भलुअनी। ब्लॉक के गांधी सभागार में मंगलवार को एसआईआर फॉर्म में हुई त्रुटियों के संशोधन को लेकर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। फार्म में नाम, पता और अन्य विवरण में गलतियों के कारण नोटिस प्राप्त करने वाले लोग सुबह से ही ब्लॉक में पहुंचने लगे। नाम कटने की आशंका और नोटिस का जवाब देने की चिंता लोगों में साफ देखी गई। इस स्थिति से लोग काफी बेचैन नजर आए।
तहसील प्रशासन ने ग्रामीण और नगरीय क्षेत्र के लोगों के लिए दो अलग-अलग काउंटर स्थापित किए थे। इसके बावजूद, दोनों काउंटरों पर दिनभर लंबी कतारें लगी रहीं और ब्लॉक परिसर में गहमागहमी का माहौल बना रहा।
लोग अपने दस्तावेजों के साथ अधिकारियों से समस्या समाधान की गुहार लगाते दिखे। नायब तहसीलदार रविंद्र मौर्य मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर लोगों की समस्याओं को सुना और उनका निस्तारण कराया।
यह भी पढ़ें- SIR in UP: अब तक 25 लाख मतदाताओं को भेजा गया नोटिस, 28 जनवरी की तारीख कर लें नोट
कई मामलों में त्रुटियों को मौके पर ही ठीक किया गया, जबकि कुछ मामलों में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों की लापरवाही या प्रशासनिक स्तर पर हुई चूक, जो भी कारण रहा हो, इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
ब्लॉक में पहुंचे लोगों ने बताया कि मामूली गलती के कारण नोटिस मिलने से वे मानसिक रूप से परेशान हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और आवश्यक कागजात के साथ संबंधित काउंटर पर संपर्क कर अपनी समस्या का समाधान कराएं।