Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    MLA Report Card: भाटपाररानी विधानसभा में विकास का लेखा-जोखा: पुल-सड़कें बनीं, रोजगार की कमी खली

    Updated: Wed, 22 Jul 2026 08:44 PM (IST)

    भाटपाररानी विधानसभा क्षेत्र में पिछले साढ़े चार वर्षों में पुल, सड़क और बिजली के क्षेत्र में काफी विकास कार्य हुए हैं। हालांकि, रोजगार, शिक्षा और हल्द ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. साढ़े चार वर्षों में पुलों और सड़कों का जाल बिछा।

    2. बिजली व्यवस्था में सुधार, कई ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ी।

    3. रोजगार, शिक्षा और उद्योग में विकास की कमी महसूस की गई।

    जागरण संवाददाता, देवरिया। उत्तर प्रदेश व बिहार की सीमा पर स्थित भाटपाररानी विधानसभा क्षेत्र में साढ़े चार वर्षों में विकास का पहिया खूब दौड़ा। चार नए पुलों में दो का निर्माण कार्य पूरा हुआ तो कई छोटे पुल बने। फोरलेन, टू लेन सड़कों का जाल बिछा तो बिजली व्यवस्था ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि कर मजबूत की गई।

    इससे इतर दूसरा पक्ष है कि रोजगार के क्षेत्र में कोई काम नहीं होने, हल्दी उद्योग बंगरा बाजार में नहीं लगने व कोई टेक्निकल स्कूल स्थापित नहीं होने का लोगों को मलाल है। क्षेत्र की कई प्रमुख सड़के आज भी जर्जर है। शिक्षा के क्षेत्र में अपेक्षित कोई विकास कार्य नहीं हो सका।

    साढ़े चार वर्षों के विकास कार्यों पर गौर करें तो छोटी गंडक वह खंडवा नदी व झरही नदी पर चार बड़े पुल का निर्माण कराया गया। जिसमें खरवनिया पुल का कार्य 10 वर्षों से लंबित पड़ा था, जिसे 31 करोड़ रुपये खर्च कर पूरा कराया गया। यह पुल उत्तर प्रदेश व बिहार को जोड़ता है। खरवनिया पुल 19 करोड़ खर्च कर बनवाया गया। खनुआ नदी पर बनाया पुल भी चालू हो गया है।

    विस क्षेत्र के वोटर

    • कुल मतदाता: 310177
    • पुरुष मतदाता: 170207
    • महिला मतदाता: 139970

    चखनी घाट पुल 17 करोड़ की लागत से स्वीकृत है और बनकटा चित्रसेन झरही नाला पर 14 करोड़ की लागत से पुल स्वीकृत है इन दोनों पुलों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। धरमखोर दुबे व कहूनिया गांव के बीच खंनुआ नदी पर पीपा पुल को भी स्वीकृति मिल गई है हालांकि अभी से लगाया जाना शेष है।

    खबरें और भी

    सात करोड़ की लागत से ब्लाक के नए भवन का निर्माण बेलपार में कराया गया है। इसका भी कार्य पूर्ण हो गया है लोकार्पण होना शेष है। बनकटा ब्लाक में दो करोड़ की लागत से सभागार बनकर तैयार है वहीं बनकटा ब्लाक में छह करोड़ की लागत से कर्मचारियों का आवास स्वीकृत कराया गया है।

    पीएचसी भाटपाररानी को उच्चीकृत कर सीएचसी में तब्दील कराया गया और यहां 50 बेड का अस्पताल स्वीकृत कराया गया है। इसका टेंडर हो गया है यहां भी काम शुरू होने वाला है। अग्निशमन केंद्र को बाबू बंधी मठ में बनाने की स्वीकृति मिल गई है।

    फोर लेन सड़कों में मझौली-मैरवा, मझौली-भाटपाररानी भिंगारी मार्ग के अलावा छह टू लेन सड़कें भाटपाररानी-रतसिया, हरपुर-दुर्गापुर से ततायर बुजुर्ग, एकला आम- भिंगारी बाजार, घाटी- खैराट, दर्शन चौराहा से रायबारीली चखनी घाट तक, भाटपाररानी-टीकमगढ़ रसिया तक टू लेन सड़क का निर्माण कराया गया।

    40 सिंगल लेन नई सड़कों का नवनिर्माण कराया गया। 450 सड़कें 100 मीटर से लेकर 18 किलोमीटर तक निर्माण कराया गया। जावाडीह, भड़सर, पुरैना, बखरी, माडीपुर पुराना बखरी मालीपुर, भगवानपुर आदि स्थान पर 24 लघु सेतु का निर्माण कराया गया।

    125 ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि करने के साथ ही 148 में ट्रांसफार्मर क्षेत्र में लगाए गए। दो करोड़ की लागत से नगर पंचायत के नए भवन को बनवाने की जांच को स्वीकृति मिली है वहीं नगर पंचायत भाटपाररानी में तीन करोड़ से अधिक खर्च कर सड़कों का निर्माण कराया गया है।

    भाटपाररानी को आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में जाना जाए: सभाकुंवर

    भाजपा की सरकार में बिना भेदभाव मैंने विकास कराने का जो सपना देखा था वह साकार हुआ है। भाटपाररानी क्षेत्र की जनता की समस्या को अपनी समस्या मानकर मैं दिन रात उसके समाधान में लगा रहता हूं। कई ऐसे कार्य हुए हैं जिसकी उम्मीद में लोग आजादी के समय से उम्मीद लगाए बैठे थे। लोगों के 70 वर्ष के कार्यकाल पर मेरा साढ़े चार वर्ष का कार्यकाल भारी है। भाटपाररानी में अग्निशमन केंद्र की स्वीकृति दो बड़े पुलों के निर्माण, 50 बेड का भाटपाररानी में उच्चीकृत अस्पताल के अलावा अनेकों विकास कार्य मैंने कराए हैं। क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाया गया है। विधान सभा क्षेत्र में लगे जर्जर 50 प्रतिशत गांवों के जर्जर विद्युत तार बदले गए हैं। शेष तारों को भी बदलने का प्रयास किया जा रहा है। अनवरत विकास कार्य डबल इंजन की सरकार में हो रहा है। हमारा प्रयास है कि भाटपारानी विधानसभा क्षेत्र एक आदर्श विधान सभा क्षेत्र के रूप में जाना जाए।

    -सभाकुंवर, विधायक भाटपारानी

    सरकारी विकास योजनाओं में भ्रष्टाचार: डाॅ. आशुताेष

    भाटपाररानी क्षेत्र में जो भी प्रमुख विकास कार्य दिख रहा है वह मेरे स्वर्गीय पिता कामेश्वर उपाध्याय व सपा की सरकार की देन है। भाटपाररानी में तहसील की स्वीकृति व उसका भवन निर्माण, स्टेडियम, आइटीआई कालेज, सीएचसी जसुई, पीएचसी बनकटा के अलावा दो विद्युत उपकेंद्र भिंगारी बाजार व बनकटिया दुबे में बनवाया गया। सपा सरकार में पांच बड़े पुल बनकटा शिव, खैराट, बंकुल घाट, सवरेजी, चनुकी में बने। साढ़े चार वर्षों में जो भी विकास कार्य हुए हैं, भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गए हैं। सड़कें बनने के साथ ही उखड़ने लग रही है। चखनी घाट में बन रहे पुल के निर्माण के साथ ही दरार पड़ गया और उसका पाया गिर गया है। आगामी चुनाव में जनता इसका जवाब जरूर देगी। जबकि क्षेत्र की कई टू लेन सड़कें सपा सांसद सलेमपुर के प्रस्ताव पर पास हुई हैं।

    -डाॅ. आशुतोष उपाध्याय, बबलू, पूर्व विधायक सपा, रनर अप

    जनता की राय

    साढ़े चार वर्षों मेंभाटपाररानी विधानसभा क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुआ है। 70 वर्षों में इतना विकास कार्य कभी क्षेत्र में नहीं हुआ। विधायक के प्रयास के बावजूद यह विकास कार्य देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कारण संभव हो सका है।

    -सच्चिदानंद शाही, पकड़ी बाबू, भाटपाररनी

     

    सड़क, पुल, पुलिया के क्षेत्र में बेहतर कार्य हुआ है। शिक्षा के विकास पर क्षेत्र में कोई काम नहीं हुआ है जबकि शिक्षा विकास का मजबूत आधार है। सड़कों में रतसिया- सुंदरपार, सिकटिया बाजार-रामपुर बाजार तक अभी भी सड़क जर्जर है। लोगों को हर रोज दिक्कत होती है।

    -डाॅ. तेज प्रताप सिंह, पूर्व प्रधानाचार्य

     

    भाटपाररानी विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग व ग्रामीण सड़कों का विकास हुआ है। बिजली पेयजल व शिक्षा के विकास पर ध्यान नहीं दिया गया है। रोजगार परक कार्यों के नहीं होने से युवाओं में मायूसी है। सड़क, पुल, पुलिया का निर्माण कार्य क्षेत्र में काम कराया गया है।

    -डाॅ. विनय कुमार पांडेय, प्रधानाचार्य

     

    भाटपाररानी विधान सभा क्षेत्र में साढ़े चार वर्ष में क्षेत्र में सड़के बनाई गई हैं। पुल, पुलिया आदि के क्षेत्र में लगातार काम हुआ है। भिंगारी बाजार के गांधी पार्क में जलजमाव, भिंगारी-भटनी मार्ग पर बाजार में नाला निर्माण की मांग ग्रामीण वर्षों से कर रहे हैं। इसका समाधान नहीं हो सका है।

    -डाॅ. रणधीर सिंह, चिकित्सक, भिंगारी बाजार

    प्रस्तुति- सौरभ कुमार मिश्र

    यह भी पढ़ें- MLA Report Card: फाजिलनगर विधायक का रिपोर्ट कार्ड- विकास की रफ्तार और अधूरी उम्मीदें

    यह भी पढ़ें- Unnao Purwa MLA Report Card: सड़कों का फैला जाल, डिफेंस कॉरिडोर से रोजगार की उम्मीद; लोन नदी के अभिशाप से मुक्ति का इंतजार