देवरिया के भटनी-भिंगारी बाजार मार्ग होगा 10 मीटर चौड़ा, 53 करोड़ का भेजा प्रस्ताव
देवरिया में भटनी से भिंगारी बाजार तक 15 किलोमीटर लंबे मार्ग को 10 मीटर चौड़ा करने का 53 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसके साथ ही भिंगा ...और पढ़ें

भिंगारी बाजार-भवानीछापर मार्ग भी होगा सात मीटर चौड़ा। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
भटनी-भिंगारी बाजार मार्ग 10 मीटर चौड़ा करने का प्रस्ताव।
परियोजना की अनुमानित लागत करीब 53 करोड़ रुपये है।
यातायात सुगम होगा, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
जागरण संवाददाता, देवरिया। बढ़ते यातायात व भविष्य की जरूरतों को देखते हुए भटनी से भिंगारी बाजार तक 15 किलोमीटर लंबे मार्ग को वर्तमान सात मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर चौड़ा करने का प्रस्ताव एस्टीमेट सहित शासन को भेजा गया है। इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 53 करोड़ रुपये है। लोक निर्माण विभाग को जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
इसके साथ ही भिंगारी बाजार से भवानीछापर तक 11.50 किलोमीटर लंबे मार्ग का भी चौड़ीकरण प्रस्तावित है। वर्तमान में 5.50 मीटर चौड़ी इस सड़क को सात मीटर किया जाएगा। इस कार्य पर करीब 27 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
दोनों परियोजनाओं का प्रस्ताव अंतरराज्यीय सीमा संपर्क (इंटर स्टेट कनेक्टिविटी-आईएससी) योजना के तहत शासन को भेजा गया है।भरथुआ-भटनी-भिंगारी बाजार मार्ग जिले को बिहार के गोपालगंज जिले से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है।
वर्तमान चौड़ाई कम होने के कारण कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनती है व दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। मार्ग के 10 मीटर चौड़ा होने से यातायात अधिक सुरक्षित और सुगम होगा, साथ ही मालवाहक वाहनों की आवाजाही भी आसान हो जाएगी। वर्ष 2019 में 26 किलोमीटर लंबे भरथुआ-भटनी-भिंगारी बाजार मार्ग को 40.47 करोड़ रुपये की लागत से सात मीटर चौड़ा बनाया गया था।
खबरें और भी
इस परियोजना का लाभ भटनी में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के पूरा होने के बाद और अधिक मिलेगा। मार्च 2027 तक आरओबी के तैयार होने की संभावना है। इसके बाद बिहार की ओर जाने वाले वाहनों को रेलवे फाटक पर रुकना नहीं पड़ेगा।
यह भी पढ़ें- देवरिया में कंकाल की गुत्थी बरकरार, सिर और कुछ हड्डियां मिलीं, बाकी शव कहां?
सड़क चौड़ीकरण व आरओबी परियोजनाएं पूरी होने से आवागमन तेज होगा, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा व क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के सहायक अभियंता पीपी सिंह ने बताया कि भाटपाररानी विधायक सभाकुंवर कुशवाहा ने इसके लिए पहल की है। दोनों सड़कों के चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही आगे की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।