देवरिया राजू हत्याकांड: 48 घंटे से शव रखकर प्रदर्शन, स्वजन बुलडोजर कार्रवाई और 50 लाख की सहायता पर अड़े
देवरिया में राजू शर्मा की चाकू मारकर हत्या के बाद स्वजन 48 घंटे से शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर रहे हैं। वे हत्यारोपितों के खिलाफ बुलडोजर कार् ...और पढ़ें

रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के नौतन हथियागढ़ में मृतक राजू शर्मा के बड़े भाई शिवकुमार शिवम से वार्ता करते प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा। जागरण
HighLights
स्वजन 48 घंटे से अंतिम संस्कार से इनकार कर रहे हैं।
बुलडोजर कार्रवाई, एनकाउंटर, 50 लाख रुपये की मांग।
राज्यमंत्री की मध्यस्थता विफल, गांव में पुलिस तैनात।
संवाद सूत्र, रामपुर कारखाना (देवरिया)। चाकू मारकर युवक की हत्या से गुस्साए स्वजन तीसरे दिन रविवार को 48 घंटे बाद भी अंतिम संस्कार के लिए तैयार नहीं हुए। रात करीब आठ बजे तक शव को दरवाजे पर रखकर प्रदर्शन किया। स्वजन ने हत्यारोपितों के घर पर बुलडोजर चलाने व एनकाउंटर करने, 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, आरोपितों के घर से होकर गुजरने वाले रास्ते को बंद कराने की मांग पर अड़े रहे।
प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा शाम करीब करीब तीन घंटे तक स्वजन का मान मनौव्वल करते रहे व अंतिम संस्कार कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात है।
रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के नौतन हथियागढ़ गांव में शुक्रवार को दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में 37 वर्षीय राजू शर्मा पुत्र स्वर्गीय दशरथ शर्मा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना में पांच महिलाओं सहित कुल आठ लोग घायल हुए थे। सभी घायलों को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज अस्पताल भेजा गया। चाकू से घायल सुधीर का उपचार अभी भी जारी है।
घटना के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी प्रीति शर्मा की तहरीर पर तीन नामजद समेत नौ लोगों के विरुद्ध हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस अब तक सात आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
खबरें और भी
शुक्रवार देर रात पोस्टमार्टम के बाद मृतक राजू का शव गांव पहुंचा था। विदेश में रह रहे मृतक के बड़े भाई शिवकुमार उर्फ शिवम शर्मा के आने का इंतजार किया गया। शनिवार शाम उनके घर पहुंचने के बाद भी रात अधिक हो जाने के कारण अंतिम संस्कार नहीं हो सका। प्रशासन से बातचीत के बाद स्वजन रविवार सुबह अंतिम संस्कार के लिए सहमत हुए थे, लेकिन सुबह अधिकारियों के पहुंचते ही उन्होंने अपनी मांगें दोहराते हुए अंतिम संस्कार से इन्कार कर दिया।
यह भी पढ़ें- देवरिया में 24 घंटे बाद भी नहीं हो मृतक राजू का अंतिम संस्कार, पुलिस रही परेशान
मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार शाम राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा गांव पहुंचे। उन्होंने स्वजन से मुलाकात कर उनकी मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने व सरकार से हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया। इसके बावजूद स्वजन अपनी मांगों से पीछे नहीं हटे व वार्ता बेनतीजा रही।
गांव में डटे पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी
गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए उपजिलाधिकारी प्रवीण कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर संजय कुमार रेड्डी, रामपुर कारखाना थानाध्यक्ष अश्विनी प्रधान के साथ तरकुलवा, बघौचघाट, महुआडीह, सुरौली और खुखुंदू थानों की पुलिस व पीएसी के जवान तैनात रहे। देर शाम तक प्रशासन स्वजन को समझाने का प्रयास करता रहा, लेकिन अंतिम संस्कार नहीं हो सका।
छलक पड़ा पत्नी का दर्द
मृतक राजू शर्मा की पत्नी प्रीति शर्मा का दर्द रविवार को लोगों के सामने छलक पड़ा। उन्होंने कहा कि उनके पति अब कभी वापस नहीं आएंगे, इसलिए दोषियों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए। जिससे किसी और परिवार के साथ ऐसा न हो। उन्होंने हत्यारोपितों के घर पर बुलडोजर चलाने व कठोर कार्रवाई की मांग दोहराते हुए कहा कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, तब तक वह अपने पति का अंतिम संस्कार नहीं करेंगी।