Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रूस-यूक्रेन जंग की भेंट चढ़ा देवरिया का लाल, इकलौते बेटे की मौत से टूटा परिवार

    Updated: Tue, 21 Jul 2026 01:09 PM (GMT+05:30)

    देवरिया के गौरीबाजार निवासी अभिषेक निषाद की यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के पास एक मालवाहक जहाज पर रूसी हमले में मौत हो गई। इकलौते बेटे की मौत से परिवार प ...और पढ़ें

    यू्क्रेन में रूसी हमले में देवरिया के युवक की मौत।

    यू्क्रेन में रूसी हमले में देवरिया के युवक की मौत।


    संवाद सूत्र, गौरीबाजार (देवरिया)। यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के पास मालवाहक जहाज पर हुए रूसी हमले में देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के करमेल गांव निवासी 21 वर्षीय अभिषेक निषाद की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और गांव में शोक की लहर फैल गई।

    अभिषेक निषाद, कौशल कुमार निषाद के इकलौते पुत्र थे। वह करीब एक माह पहले डेक कैडेट के रूप में नौकरी के लिए विदेश गए थे। कंपनी के अधिकारियों ने उनके पिता को फोन पर हादसे की जानकारी दी। परिजनों के अनुसार हमले के करीब तीन घंटे बाद अभिषेक का मोबाइल बंद हो गया, जिसके बाद उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका।

    बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां अनीता देवी बेसुध हो जा रही हैं, जबकि बहनें साधना और आराधना का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के दरवाजे पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है। पूरे गांव में मातम पसरा है। परिजनों का कहना है कि अभी तक कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक पत्र या शव भारत भेजने की समयसीमा की जानकारी नहीं दी गई है।

    परिवार अंतिम दर्शन के लिए अभिषेक के पार्थिव शरीर का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। स्वजन ने केंद्र और राज्य सरकार से अभिषेक का शव जल्द से जल्द भारत लाने, बड़ी बहन साधना को सरकारी नौकरी देने तथा परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

    खबरें और भी

    गौरीबाजार पुलिस ने भी परिवार से संपर्क कर घटना की जानकारी ली है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 10 जून को ओमान तट पर हुए हमले में देवरिया के शिवानंद चौरसिया की भी मौत हो गई थी। इस दूसरी घटना ने जिले के लोगों को एक बार फिर गहरे सदमे में डाल दिया है।

    यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में ट्रैक्टर ड्राइवर को अगवा कर 56 क्विंटल लकड़ी लूटी, पुलिस ने सल्लहपुर से की बरामद