स्मार्ट मीटर से बढ़ी उपभोक्ताओं की परेशानी, बकाया जमा करने के बाद भी नहीं हो रही बिजली आपूर्ति
बरहज में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। बकाया जमा करने के बावजूद कई घरों और दुकानों की बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो रही है। उप ...और पढ़ें

स्मार्ट मीटर से बढ़ी परेशानी।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, बरहज। बिजली चोरी रोकने के उद्देश्य से लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर अब उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बनते जा रहे हैं। नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों का आरोप है कि बकाया अधिभार जमा करने के बावजूद कई घरों और दुकानों की बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो रही, जिससे जनजीवन प्रभावित है।
स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि ठीकेदारों द्वारा खासकर मध्यम वर्गीय परिवारों के घरों में जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। रिचार्ज आधारित व्यवस्था होने के कारण बैलेंस खत्म होते ही बिजली आपूर्ति तत्काल बंद हो जाती है, जिससे अचानक अंधेरा छा जाता है। गर्मी के मौसम में इससे लोगों को अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और घरों में सांप-बिच्छू जैसे खतरे भी बढ़ गए हैं।
नगर के रहने वाले बिरजू ने बताया कि उनकी दुकान का कनेक्शन एक सप्ताह से कटा है। बकाया जमा करने के बावजूद अब तक आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी, जिससे उनका व्यवसाय ठप पड़ गया है। वहीं, मनोज कुशवाहा का कहना है कि पहले भुगतान के तुरंत बाद बिजली बहाल हो जाती थी, लेकिन अब कई दिनों तक विभाग के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
मनीष कुमार चौहान ने भी रिचार्ज खत्म होने के बाद लंबे समय तक बिजली न मिलने से कामकाज प्रभावित होने की बात कही। उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था की समीक्षा कर पुराने मीटर दोबारा लगाने की मांग की है। इस संबंध में अधिशासी अभियंता अरविंद सिंह गौतम ने बताया कि समस्या उच्च स्तर से जुड़ी है, जिस पर स्थानीय स्तर पर निर्णय संभव नहीं है।