सड़क पर घसीटा, नाली में गिराया पर नहीं छोड़ा बैग... बदमाशों से अकेली भिड़ गई महिला; Video Viral
एटा के जैथरा में 6 मई की रात बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला से बैग छीनने की कोशिश की। महिला ने बहादुरी से मुकाबला किया। ...और पढ़ें
HighLights
जैथरा में महिला से बैग छीनने का प्रयास।
बहादुर महिला ने बदमाशों का डटकर किया मुकाबला।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई पूरी घटना।
जागरण संवाददाता, एटा। जैथरा कस्बा के मोहल्ला बढ़ियान में छह मई की रात बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला से बैग छीनने के लिए पूरी दरिंदगी दिखाई। बदमाशों ने महिला को पहले सड़क पर पटका, फिर नाली में गिराया और काफी दूर तक घसीटते रहे, लेकिन महिला की हिम्मत और मजबूत पकड़ के आगे बदमाश खाली हाथ भागने को मजबूर हो गए। महिला की बहादुरी के कस्बा में खूब चर्चे हैं।
मोहल्ला बढ़ियान निवासी 45 वर्षीय अनीता चौहान पत्नी स्वर्गीय जुगेंद्र सिंह छह मई को अपने 23 वर्षीय पुत्र ऋतिक को इलाज के लिए आगरा लेकर गई थीं। बताया गया है कि ऋतिक के पेनक्रियाज में संक्रमण है, जिसके चलते उसे आगरा में डॉ. केके विसवानी को दिखाया गया।

शाम करीब सात बजे मां-बेटे आगरा से लौटे और एटा होते हुए रोडवेज बस से जैथरा पहुंचे। रात लगभग 11 बजे जैथरा बस स्टैंड पर उतरने के बाद दोनों घर की ओर पैदल जा रहे थे। बेटा तेज कदमों से आगे निकल गया, जबकि अनीता धीरे-धीरे पंकज ज्वेलर्स वाली गली से होकर घर की तरफ बढ़ रही थीं। तभी गली के मोड़ पर पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें निशाना बना लिया।
घटना की शिकार महिला और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार बाइक पर पीछे बैठा बदमाश अचानक नीचे उतरा और महिला का बैग छीनने लगा। अनीता ने विरोध किया तो बदमाश ने उनके मुंह पर घूंसा मार दिया। इसके बाद भी जब महिला ने बैग नहीं छोड़ा तो उसने उन्हें सड़क पर पटक दिया।
खबरें और भी
फिर नाली में गिराकर बैग छीनने की कोशिश की, लेकिन महिला लगातार बदमाश से भिड़ी रही। आखिर में बदमाश महिला को सड़क पर घसीटता रहा, मगर अनीता ने बैग पर पकड़ ढीली नहीं की। इधर महिला की चीख-पुकार सुनकर घटना स्थल से मात्र 200 मीटर दूर खड़े दो लोग जब तक आ पाते।
लोगों की हलचल देखकर बदमाशों के हौसले पस्त पड़ गए और दोनों बाइक पर बैठकर फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
घटना की जानकारी उसी रात पुलिस को दे दी गई। अनीता चौहान का कहना है कि पुलिस ने उन्हें थाने बुलाया था। घटना के संबंध में सारी जानकारी दे दी गई है, बदमाशों का हुलिया आदि भी पुलिस को बता दिया है।
सीसीटीवी फुटेज में बदमाश साफ दिखाई दे रहे हैं। दूसरी तरफ इस मामले की रिपोर्ट घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध दर्ज कर ली थी। थाना प्रभारी रीतेश ठाकुर ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है, सीसीटीवी फुटेज में उनके चेहरे दिखे हैं। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। शीघ्र ही बदमाशों को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश किया जाएगा
बहादुरी की मिसाल बनी अनीता, बदमाशों के सामने नहीं मानी हार
जैथरा की अनीता चौहान ने जिस तरह अकेले दो बदमाशों का मुकाबला किया, उसकी पूरे कस्बे में चर्चा हो रही है। लोगों का कहना है कि अगर अनीता डर जातीं तो बदमाश बैग लेकर आसानी से भाग जाते।
इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो में भी साफ दिख रहा है कि महिला बदमाश से संघर्ष करती रही। घटना के बाद लोग महिला की बहादुरी की सराहना कर रहे हैं। अनीता ने कहा है यदि उनके साथ उनका पुत्र भी और होता तो वो उस बदमाश को पकड़ लेती।