कांवड़ यात्रा में यूपी रोडवेज बसों रूट बदला और किराया बढ़ा, एटा-बरेली-आगरा के यात्रियों को करनी होगी जेब ढीली
कांवड़ यात्रा के कारण रोडवेज बसों के रूट बदलने से एटा से आगरा, बरेली और कासगंज के किराए में बढ़ोतरी हुई है। रूट डायवर्जन के चलते किलोमीटर बढ़ने से किर ...और पढ़ें

रोडवेज बस अड्डा।
HighLights
कांवड़ यात्रा के कारण रोडवेज बसों के रूट बदले गए
एटा से आगरा, बरेली, कासगंज के किराए में वृद्धि हुई
अस्थाई बस स्टैंड से चार दिन होगा बसों का संचालन
जागरण संवाददाता, एटा। कांवड़ यात्रा को लेकर रोडवेज बसों का रूट बदला गया है। इस कारण किलोमीटर भी बढ़े हैं। परिवहन निगम की बसों में किराया भी बढ़ गया है। बरेली, कासगंज और आगरा जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त किराये की मार झेलनी पड़ेगी। कांवड़ यात्रा खत्म होने के बाद बसों का रूट बदलने पर किराए में राहत मिल सकेगी।
श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को लेकर मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन कम किया जा रहा है, जिससे कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालु आसानी से निकल सकें।
कांवड़ मार्ग से जाने वाली बसों का रास्ता बदला
कांवड़ मार्ग से जाने वाली रोडवेज बसों के मार्ग में फेरबदल किया गया है। सबसे पहले आगरा को जाने वाले यात्रियों के किराए में बढ़ोत्तरी की गई है। अब एटा से आगरा का सफर करने वालों को 246 रुपये किराया देना होगा। जबकि रूट डायवर्जन से पहले 124 रुपये रोडवेज का किराया लगता था।
बरेली जाने वालों को देने हाेंगे 403 रुपये
इसी तरह से बरेली से आगरा जाने वाले यात्रियों के लिए 403 रुपये किराया हो गया है, जबकि इससे पहले 318 रुपये की टिकट यात्रियों को लेनी होती थी।
इस तरह से एटा कासगंज को जाने वाली बसों का भी रूट बदला गया है। जो अमापुर होती हुई कासगंज पहुंच रही हैं, जिससे बसों के किलोमीटर बढ़ रहे हैं। उसे देखते हुए परिवहन निगम ने यहां की बस सेवा के लिए 51 रुपये का किराया निर्धारित किया है। कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले 42 रुपये में रोडवेज बस में लोग यात्रा कर रहे थे।
एआरएम नरेश कुमार गुप्ता ने बताया कि बसों का रूट बदलने से उनके किलोमीटर बढ़ गए हैं। इस कारण किराए में बढ़ोत्तरी की गई है। रूट परिवर्तित होते ही किराया पहले की तरह ही यात्रियों से लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- आधार कार्ड में पता और मोबाइल नंबर अपडेट करना आसान, घर बैठे नए ऐप पर फॉलो करें ये स्टेप्स
चार दिन शहीद स्तंभ से चलेगीं बसें
कांवड़ यात्रा को लेकर शहर से संचालित हो रहे बस स्टैंड स्थल को भी बदला गया है। जिसमें शुक्रवार, शनिवार, रविवार और सोमवार को कासगंज रोड तिराहा स्थित शहीद स्तंभ से रोडवेज बसों का संचालन कराया जा रहा है। इससे शहर के अंदर बसों का प्रवेश न हो सके। क्योंकि बसों का अंदर आने से कांवड़ यात्रा में परेशानी हो सकती है। इन चार दिनों के बाद रोडवेज बसों का संचालन बस स्टैंड से कराया जाएगा। अस्थाई बस स्टैंड संचालित होने को लेकर विभाग ने अतिरिक्त कर्मचारियों को तैनात किया है।