'तुम्हारी बेटी की हत्या कर दी', एटा में पति ने ससुर को फोन कर कबूला कत्ल; आगरा ले जाने की बात कहकर ले गया था
पति अपनी पत्नी को आगरा ले जाने की बात कहकर घर से ले गया, जिसके बाद उसने ससुर को फोन कर बेटी की हत्या करने की बात बताई। मायके पक्ष ने पति के विरुद्ध हत ...और पढ़ें

HighLights
पति पत्नी को आगरा ले जाने की बात कहकर ले गया
दामाद ने ससुर को फोन कर बेटी की हत्या की सूचना दी
पुलिस ने पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया
जागरण संवाददाता, एटा। पति अपनी पत्नी को आगरा घुमाने की कहकर घर से ले गया। उसके बाद न पति वापस आया और न ही पत्नी। मायके पक्ष का कहना है कि पति ने अपने ससुर को काल करके खुद बताया कि तुम्हारी बेटी की हत्या कर दी गई है।
इस फोन कॉल के आधार पर मायके पक्ष ने पति के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इससे पहले गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। अब मुकदमा हत्या में तरमीम किया जा रहा है।
मां ने दामाद के विरुद्ध दर्ज कराई रिपोर्ट
जनपद मैनपुरी के थाना करहल के गांव मीठेपुर की रहने वाली सरोज देवी ने बताया कि सात जुलाई को सुबह नौ बजे उनका दामाद रमाकांत पुत्र कमल सिंह निवासी हिम्मतपुर काकामई थाना मारहरा हाल निवासी सेंट पाल्स स्कूल के पास निधौली रोड उनकी बेटी को ले गया और इसके बाद उसने किसी अज्ञात व्यक्ति के फोन से अपने ससुर को कॉल किया कि तुम्हारी बेटी की जीवनलीला समाप्त कर दी है। इसके साथ ही जान से मारने की धमकी दी।
यह भी पढ़ें- यूपी में मानसून सुस्त: आज लखनऊ सहित कई जिलों में उमस भरी गर्मी, गोरखपुर-देवरिया के पास हल्की बारिश
पुलिस ने पहले दर्ज की थी गुमशुदगी
पुलिस मामले की जांच कर रही है। इससे पहले गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। अब मुकदमा हत्या का दर्ज हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि आरोपित का पता नहीं चल पाया है। अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय का कहना है कि मामले की जांच चल रही है, जांच में सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा।