इटावा में CRPF जवान के घर को चोरों ने बनाया निशाना, 22 तोले सोना और डेढ़ लाख की नकदी चोरी
इटावा में दिल्ली में तैनात एक सीआरपीएफ जवान के घर देर रात चोरों ने धावा बोलकर 22 तोला सोने के आभूषण और डेढ़ लाख रुपये नकद चुरा लिए। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
सीआरपीएफ जवान के घर से 22 तोला सोना चोरी।
चोरों ने डेढ़ लाख रुपये नकद भी चुराए।
पुलिस ने डॉग स्क्वायड से साक्ष्य जुटाए, जांच जारी।
संवाद सूत्र, इटावा। इकदिल थाना क्षेत्र के मानिकपुर मोड़ स्थित ग्वालियर रोड पर गुरुवार देर रात चोरों ने दिल्ली में तैनात सीआरपीएफ जवान के घर को निशाना बना लिया। चोर मकान में घुसकर गोदरेज की अलमारी का ताला तोड़कर करीब 22 तोला सोने के आभूषण, हार, सोने की चैन, अंगूठी, कुंडल के साथ चांदी के जेवर और लगभग डेढ़ लाख रुपये नकद भी चोरी कर ले गए। घटना के समय जवान की पत्नी बच्चों के साथ घर में मौजूद थीं और दूसरे कमरे में सो रही थीं।
सुबह जागने पर चोरी की जानकारी हुई तो पैरों तले जमीन खिसक गई। सीओ सिटी समेत पुलिस टीम ने डाग स्क्वायड व फील्ड यूनिट टीम की मदद से साक्ष्य जुटाकर चोरों की तलाश शुरु कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्वालियर बाईपास मानिकपुर मोड़ निवासी राहुल तिवारी वर्तमान में दिल्ली में सीआरपीएफ में तैनात हैं। वह वर्तमान में ड्यूटी पर थे, घर पर पत्नी, बेटे के साथ मौजूद थी। गुरुवार रात चोरों ने मकान में धाबा बोलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए।
उनकी पत्नी नीतू तिवारी ने बताया कि रात में सब कुछ सामान्य था। सुबह करीब छह बजे जागने के बाद दूसरे कमरे में पहुंचीं तो गोदरेज की अलमारी का ताला टूटा मिला। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और आभूषण व नकदी गायब थी। उन्होंने तत्काल डायल-112 और स्वजन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सीओ सिटी अवनीश कुमार सिंह, थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान पुलिस बल, फोरेंसिक टीम और डाग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई।
खबरें और भी
मकान के पीछे पिलर से बंधी मिली साड़ी, चोरों के नीचे उतरने का शक
पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक सीसीटीवी कैमरे में रात करीब 1:41 बजे तीन संदिग्ध व्यक्ति आते-जाते दिखाई दिए। वहीं मकान के पीछे एक पिलर से साड़ी बंधी मिली। पुलिस को आशंका है कि चोर इसी साड़ी के सहारे मकान के नीचे उतरे होंगे। पुलिस ने इस सुराग को भी जांच में शामिल किया है।
थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य संकलित किए गए हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द घटना के राजफाश का प्रयास किया जा रहा है।