यूपी में स्कूल की तीसरी मंजिल से कूदकर 8वीं के छात्र ने की आत्महत्या, CCTV में कैद हुई पूरी घटना
इटावा पब्लिक स्कूल में कक्षा आठ के छात्र पिंटू ने तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली, जिसकी सीसीटीवी फुटेज सामने आई है। ...और पढ़ें

छात्र ने की खुदकुशी।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, इटावा। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के सरस्वती विहार कॉलोनी पचावली रोड पर स्थित इटावा पब्लिक स्कूल में कक्षा आठ के एक छात्र ने बुधवार दोपहर तीसरी मंजिल पर बने क्लास रूम की खिड़की से नीचे छलांग लगा दी। क्लास रूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई।
घटना से विद्यालय प्रबंधन और स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। छात्र को विद्यालय स्टाफ अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत के लिए माता-पिता ने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि स्कूल प्रबंधन ने स्वजन पर बच्चे के ऊपर पढ़ाई का दबाव बनाने एवं डांटने से क्षुब्ध होकर आत्मघाती कदम उठाने की बात कही है।
पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से घटना स्थल का मौका मुआयना एवं सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।
घर का इकलौता बेटा था पिंटू
छात्र पिंटू (14) पुत्र राजेश राठौर निवासी मुखिया अड्डा न्यू कॉलोनी फ्रेंड्स कालोनी इटावा पब्लिक स्कूल में कक्षा आठ में पढ़ता था। पिता राजेश ने बताया कि रोजाना की तरह इकलौता बेटा पिंटू अपनी तीन बहनों के साथ सुबह आठ बजे स्कूल गया था, लेकिन दोपहर करीब साढ़े 12 बजे तीन बेटियां सोनी, मोनिका और नेहा, जो कि उसी विद्यालय में कक्षा नौ और कक्षा सात व यूकेजी में पढ़ती हैं, तीनों छुट्टी के बाद घर आ गईं, लेकिन बेटा नहीं लौटा।
डेढ़ साल पहले की थी सुसाइड की कोशिश
इस बीच करीब एक बजे विद्यालय से फोन आया और बताया गया कि बेटे का एक्सीडेंट हो गया है तो वह अस्पताल पहुंचे। अस्पताल पहुंचने पर बेटा मृत अवस्था में मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यालय स्टाफ ने तीसरी मंजिल से कूदने की जानकारी नहीं दी और न ही उन्हें पहले खबर की।
खबरें और भी
कहा कि क्लासरूम की खिड़की बंद होनी चाहिए थी, जो नहीं थी। उन्होंने बताया कि डेढ़ वर्ष पहले पिंटू ने घर से 70 हजार रुपये निकाल लिए थे। उस समय डांटने व पिटाई लगाने पर उसने फंदा लगाने का भी प्रयास किया था लेकिन तब उसे बचा लिया था।
स्कूल की छुट्टी के बाद भी पिंटू घर नहीं पहुंचा था
मां मालती देवी ने बताया कि उनकी तीनों बेटियां छुट्टी के बाद दोपहर साढ़े 12 बजे घर पहुंच गई थीं, लेकिन बेटा पिंटू घर नहीं पहुंचा था। बेटे के साथ हुई घटना की जानकारी स्कूल स्टाफ ने नहीं दी।
बोतल छूटने की बात कहकर दोबारा क्लास में गया था पिंटू
उधर, प्रधानाचार्य विक्रम सिंह का कहना है कि दोपहर साढ़े 12 बजे स्कूल की छुट्टी के बाद छात्रों को सुरक्षा के साथ क्लास रूम से निकालकर घर भेजा जा रहा था। कक्षा आठ के सभी छात्र क्लास रूम से निकलकर अपने घरों के लिए चले गए थे।
छात्र पिंटू नीचे आने के बाद बोतल क्लास रूम में रह जाने की बात कहकर उसे लेने वापस गया, जहां उसने बोतल बैग में रखने के बाद खिड़की खोलकर पार्किंग कैंपस की तरफ खुद छलांग लगा दी। पूरी घटना क्लास रूम के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
पिता ने देर रात लगाई थी डांट
उन्होंने यह भी बताया कि सुबह पिंटू के पिता खुद विद्यालय छोड़ने उसे आए थे। उन्होंने बताया था कि मंगलवार को गणित की कोचिंग में प्रवेश के लिए पिंटू को अपने साथ ले गए थे, जहां पर वह प्रश्न के उत्तर नहीं दे पाया था, जिसकी वजह से घर आकर मोबाइल फोन छीनकर उसे डांट दिया था।
थाना प्रभारी अमित मिश्रा, उपनिरीक्षक भारत सिंह, उपनिरीक्षक सत्यपाल सिंह ने मौके पर पहुंचकर शिक्षकों व प्रधानाचार्य से पूछताछ की। साथ ही स्कूल के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज चेक कर ही पुलिस
थाना प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में प्रथम दृष्टया छात्र द्वारा खिड़की से छलांग लगाने की बात सामने आयी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जाएगी।