फर्रुखाबाद में बुजुर्ग महिला पर मधुमक्खियों ने बोला धावा, पोते-पोती के सामने तड़प-तड़पकर तोड़ा दम
फर्रुखाबाद में 60 वर्षीय महिला ने मधुमक्खियों ने हमला कर दिया, जिससे वे बेहोश हो गईं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। ...और पढ़ें
-1777235029386_m.webp)
गांव सकवाई स्थित घर में बैठीं स्वजन व महिलाएं

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, जागरण, फर्रुखाबाद। पौत्र व पौत्री के साथ दूध लेकर घर आ रही वरिष्ठ नागरिक महिला पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। महिला बेहोश होकर गिर गयी। गांव वालों ने धुंआ कर मधुमक्खियों काे भगाया। इस दौरान महिलाएं व बच्चे घरों में दुबके रहे। स्वजन महिला को डॉक्टर के यहां ले गए। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
गांव सकवाई निवासी स्व. बालिस्टर सिंह की पत्नी 60 वर्षीय सुधीरा देवी रविवार सुबह करीब आठ बजे अपने पौत्र शौर्य व पौत्री परी के साथ गांव से दूध लेकर घर आ रही थीं। पंचायत घर के निकट नीम के पेड़ पर लगे छत्ते से मधुमक्खियां उड़ीं और हमला कर दिया।
शौर्य व परी चीखते चिल्लाते घर की ओर भागे। सुधीरा देवी भाग नहीं पायीं और मधुमक्खियां उनके शरीर पर चिपट गईं। जिससे वह बेहोश होकर गिर गयीं। स्वजन व गांव के लोग उन्हें किसी तरह घर तक लाए।
मधुमक्खियों का झुंड घर तक पहुंच गया। ग्रामीणों ने आग जलाकर धुंआ किया तो कुछ देर बाद मधुमक्खियां चली गयीं। उसके बावजूद कुछ मधुमक्खियां उनके शरीर में चिपटी रहीं। मधुमक्खियों के हमले से महिलाएं व बच्चे घरों में दुबके रहे।
महिला सुधीरा का बड़ा पुत्र राजप्रताप रुड़की एवं छोटा पुत्र नवीन दिल्ली में नौकरी करता है। सुधीरा दोनों पुत्रवधुओं के साथ गांव में रहती हैं। गांव के प्रदीप सिंह अन्य ग्रामीण व स्वजन सुधीरा देवी को बेहोशी हालत में प्राइवेट डॉक्टर संतोष यादव के अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। स्वजन शव घर ले आए। पुत्र नवीन ने फोन पर बताया कि वह पोस्टमार्टम नहीं कराएंगे।
डॉ. संतोष यादव ने बताया कि वरिष्ठ नागरिक महिला अस्पताल में मृत आयी थी। मधुमक्खियों के हमले के कारण शायद हार्टअटैक पड़ गया और उनकी मौत हो गयी।
मोहम्मदाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. गौरव यादव ने बताया कि कई लोग मधुमक्खी के जहर के प्रति हाइपर इलर्जिक होते हैं। एक साथ कई मधुमक्खियों के काटने पर शाक के चलते व्यक्ति की मौत भी हो सकती है।