प्रयागराज में दवा कंपनी के डिप्टी डायरेक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, होटल के कमरे के बाथरूम में मिला शव
प्रयागराज के एक होटल में दवा कंपनी के डिप्टी डायरेक्टर शैबल मुखर्जी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस को प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक से मौत की ...और पढ़ें
-1777229250935_m.webp)
एआई जेनेरेटेड तस्वीर
HighLights
दवा कंपनी के डिप्टी डायरेक्टर की मौत
प्रयागराज के होटल बाथरूम में मिला शव
पुलिस को हार्ट अटैक की आशंका
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। एक चर्चित दवा कंपनी के डिप्टी डायरेक्टर की संदिग्ध दशा में मौत हो गई। रविवार को होटल के कमरे के बाथरूम में उनकी लाश मिली। इससे होटल के कर्मचारियों में खलबली मच गई। खबर पाकर होटल पहुंची सिविल लाइंस पुलिस ने छानबीन की।
पुलिस प्रथमदृष्टया हार्ट अटैक से मौत की आशंका जता रही है। परिवार वाले बंगाल से आ रहे हैं। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम होने के बाद मौत की वजह साफ होगी।
बताया गया है कि बंगाल के 24 परगना के जाधवपुर निवासी 50 वर्षीय शैबल मुखर्जी एक चर्चित दवा कंपनी में डिप्टी डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे। शुक्रवार को वह प्रयागराज आए और फिर सिविल लाइंस स्थित एक होटल में कमरा लेकर रुक गए। उन्हें किसी केस के सिलसिले में हाईकोर्ट में पेश होना था।
रविवार सुबह करीब 11 बजे शैबल होटल के रिसेप्शन में बैठे थे। वहां से एक कार को बुक किया। इसके बाद कमरे में चले गए। थोड़ी देर बाद कार चालक आया और शैबल के मोबाइल पर कई बार कॉल किया, लेकिन रिसीव नहीं हुआ। तब उसने होटल कर्मचारियों से बात की।
होटल कर्मियों ने कमरे की घंटी बजाई तो कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो अनहोनी की आशंका हुई। तब मास्टर चाबी के जरिए कमरा खोलकर कर्मचारी भीतर पहुंचे तो बाथरूम में शैबल नग्न अवस्था में पड़े थे। खबर मिलते ही सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन शैबल को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
खबरें और भी
आधार कार्ड के जरिए मृतक की पहचान हुई और फिर परिवार वालों को सूचना दी गई। प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइंस रामाश्रय यादव ने बताया कि दवा कंपनी के डिप्टी डायरेक्टर शैबल मुखर्जी होटल जोन कनेक्ट के कमरे में रुके थे। प्रथमदृष्टया हार्ट अटैक से मौत की आशंका है। परिवार वाले आ रहे हैं। सोमवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जाएगी।