विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फतेहपुर में रिस्टीकेट करने के बाद छात्र की मौत, हाथ-पैर से लेकर पसलियों की हड्डी टूटी थी, प्रधानाचार्य गिरफ्तार

Published: Sat, 29 Aug 2026 09:41 PM (IST)

फतेहपुर में छात्र तेजस द्विवेदी की मौत के मामले में प्रधानाचार्य सक्षम त्रिवेदी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया ...और पढ़ें

तेजस की फाइल फोटो व कोतवाली पुलिस की हिरासत में प्रधानाचार्य सक्षम त्रिवेदी। जागरण

तेजस की फाइल फोटो व कोतवाली पुलिस की हिरासत में प्रधानाचार्य सक्षम त्रिवेदी। जागरण 

HighLights

  1. छात्र तेजस की मौत मामले में सच जानने के लिए घटना को होगा री-क्रिएशन

  2. वैज्ञानिक व फोरेंसिक टीम पिटाई व पोस्टमार्टम रिपोर्ट की चोटों की जांच करेगी

  3. मेडिकल बोर्ड के विशेषज्ञ से पुलिस लेगी राय, साक्ष्यों को कर रही संकलित

जागरण संवाददाता, फतेहपुर। शिवपुरम स्थित सरस्वती बाल मंदिर इंटर कालेज में इंटरमीडिएट के छात्र तेजस द्विवेदी उर्फ यशु की मौत के मामले में पुलिस ने नामजद प्रधानाचार्य सक्षम त्रिवेदी निवासी खंभापुर राधानगर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उधर पुलिस वैज्ञानिक व फोरेसिंक टीम के जरिए क्राइम सीन का री-कि्रएशन कराएगी क्योंकि पिटाई व पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पसली की हड्डी टूटने जैसी चोटों का मिलान नहीं हो पा रहा है।

पुलिस मेडिकल बोर्ड के विशेषज्ञों से राय भी लेगी ताकि संभावित चोटों की स्थिति स्पष्ट हो सके। इसलिए पुलिस सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के साथ बिखरे हुए साक्ष्यों को संकलित कर जांच तेज कर दी है।उधर कांग्रेस के बाद सपा प्रतिनिधि मंडल पीड़ित परिवार से मिला जिससे मामले को लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है।

शहर के सिविल लाइन मोहल्ला निवासी दिलीप द्विवेदी का इकलौता पुत्र तेजस द्विवेदी इंटर की तिमाही परीक्षा देने 26 अगस्त को सुबह सात बजे साइकिल से हरिहरगंज के शिवमपुरम स्थित सरस्वती बाल मंदिर मंदिर इंटर कालेज गया था, जहां नकल पर्ची मिलने के नाम पर रिस्टीकेट कर डेढ़ हजार जुर्माना लगाया गया और उसे पीटा गया।

इसके बाद छात्र सुबह साढ़े दस बजे साइकिल लेकर कालेज से निकल गया। दोपहर 1.40 पर छात्र मलवां थाने सौंरा जीटी रोड पर पानी टंकी के नीचे बेहोशी हालत में पड़ा मिला था। जिसका उपचार मेडिकल कालेज अस्पताल में कराया गया लेकिन हालत खराब होने की वजह से कानपुर ले जाते समय तेजस की मौत हो गई थी।

29FTH_16_29082026_312.JPG

शहर के सिविल लाइन स्थित पीड़ित के घर पहुंचे सपा सांसद नरेश उत्तम पटेल, सदर विधायक चंद्रप्रकाश लोधी व सपा पदाधिकारी। जागरण 

स्वजन का आरोप था कि इलाज दौरान तेजस ने प्रधानाचार्य द्वारा पीटने की बात बताई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छह चोट के निशान की पुष्टि हुई है जिसमें तेजस के हाथ-पैर, पेट, ओंठ, दाढ़ी व पसलियों की हड्डी टूटने के साथ शरीर में एक जगह पर खून का थक्का भी जमा पाया गया है।

पीड़ित स्वजन के सदर कोतवाली में हंगामे व धरना के बाद शुक्रवार देर रात पुलिस ने कालेज के प्रधानाचार्य सक्षम त्रिवेदी व प्रबंधक राकेश त्रिवेदी के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। जिसमें कोतवाली पुलिस ने प्रधानाचार्य सक्षम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

मलवां थाने के सौंरा स्थित पानी टंकी के नीचे छात्र बेहोश मिला था। पुलिस को संदेह है कि सदमे में छात्र टंकी में चढ़कर कूदते समय नीचे गिरा और उसकी हालत बिगड़ जाने से मौत हो गई। सीओ सिटी गौरव शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम जांच कर रही है। शनिवार को दोपहर एएसपी ज्ञानप्रकाश राय व इंस्पेक्टर हेमंत मिश्रा पीड़ित दिलीप द्विवेदी के घर पहुंचे और आरोपितों पर कार्रवाईं का भरोसा दिया।

35 सीसीटीवी कैमरों की जांच

कालेज में प्रधानाचार्य द्वारा की गई अनुशासनात्मक कार्रवाई के बाद सुबह साढ़े 10 बजे छात्र तेजस साइकिल लेकर कालेज से बाहर निकला। पुलिस ने रास्ते में पैंतिस सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले जिसमें सौंरा तक के रास्ते में वह 11 बजकर 39 मिनट तक स्वंय साइकिल चलाते हुए कैद मिला। इसके बाद वह सौंरा स्थित पानी टंकी के नीचे अचेत मिला। इंस्पेक्टर ने बताया कि हरिहरगंज से घटनास्थल के रास्ते तक करीब 35 सीसी कैमरों की जांच की गई। जिसमें छात्र दिख रहा है। बहनोई आदित्य पांडेय ने बताया कि तेजस को क्लास रूम से अलग ले जाकर पीटा गया, जो कैमरे में कैद है।


एसपी बोले, वैज्ञानिक विधि से विवेचना

एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मुकदमा पंजीकृत करने में 24 व 48 घंटे की देरी की बात सही नहीं है। प्रकरण की विस्तृत जांच की गई। प्रकरण में उपलब्ध एवं संकलित किए जा रहे सभी साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है। छात्र के विद्यालय से निकलने के बाद अचेत अवस्था में मिलने तक के घटनाक्रम एवं पोस्टमार्टम में पाई गई चोटों के के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए वैज्ञानिक विधि से विवेचना कराई जा रही है। क्राइम सीन का री-क्रिएशन कराया जायगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के संबंध में मेडिकल बोर्ड से विशेषज्ञ राय भी ली जाएगी।

सांसद बोले, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए

सपा सांसद नरेश उत्तम पटेल व सदर विधायक चंद्रप्रकाश लोधी पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर छात्र की मां नीलम देवी व पारिवारिकजनों को ढांढस बंधाया। सांसद ने कहा कि हृदय विदारक घटना है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में हर संभव मदद की जाएगी। पुलिस की कार्रवाई धीमी गति से हो रही है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

सपा नेता संतोष द्विवेदी ने कहा कि इतना घृणित अपराध हुआ है जिसकी जितनी निंदा की जाए वह कम है। छात्र तेजस के साथ मारपीट व जुर्माना से शिक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई है। प्रशासन का कोई आदेश नहीं माना जाता। अवकाश पर भी विद्यालय खुलता है। बच्चे को तो वापस नहीं लाया जा सकता लेकिन पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में पीछे नहीं रहेंगे। कहा कि विद्यालय की मान्यता छीनकर तालाबंदी की जाए। इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव, जगदीश सिंह जालिम,अरुणेश पांडेय, चौधरी मंजर यार, वीरेंद्र यादव, मो. आसिफ आदि मौजूद रहे।

डीएम ने सीएम कार्यालय को दी घटना की जानकारी, निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा

सरस्वती बाल मंदिर शिवपुरम के छात्र तेजस की मौत प्रकरण में इंसाफ की लड़ाई तेज हो गई। सपा व कांग्रेस ने जहां इस प्रकरण पर तख्त तेवर दिखाएं तो वही इंटरनेट मीडिया में भी प्रकरण सुर्खियों में बना है। डीएम निधि गुप्ता वत्स ने शनिवार को पूरे प्रकरण की अब तक की जानकारी सीएम कार्यालय को बताई और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। वहीं पूरे घटनाक्रम पर एक कमेटी बनाकर जांच रिपोर्ट तलब की है।

डीआइओएस की नोटिस पर प्रबंधतंत्र ने दिए जवाब

घटनाक्रम का संज्ञान लेने के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने स्कूल के प्रबंधतंत्र को नोटिस जारी की थी, और कहा कि क्यों न मान्यता वापस लेने की कार्रवाई की जाए। 24 घंटे में ही स्कूल के प्रबंधतंत्र की तरफ से डीआइओएस की नोटिस का जवाब दिया गया है। पहले बिंदु में पूछा गया था कि स्कूल संचालन का सीसीटीवी फुटेज पेन ड्राइव में दिया जाए, जिस पर स्कूल की तरफ से कहा गया है कि वर्तमान में स्कूल सीसीटीवी का डीवीआर पुलिस कस्टडी में है, ऐसे में रिकार्ड देना संभव नहीं है।

छुट्टी में स्कूल खोलने का पेंच

दूसरा सवाल था कि अवकाश के दिन में स्कूल क्यों खोला गया और छात्र को कैसे बुलाया गया। इस पर स्कूल प्रबंधतंत्र ने जवाब दिया है कि स्कूल में छुट्टी का अनुपालन किया गया है, लेकिन जिन बच्चों का टेस्ट था उन्हें एक घंटे के लिए बुलाया गया था। डीआइओएस ने अपनी नोटिस में 1500 रुपये जुर्माना और रेस्टीकेशन पर जवाब मांगा है, जिस पर स्कूल की तरफ से स्पष्ट किया गया है कि छात्र से न तो जुर्माना लिया गया और न ही कोई नोटिस दी गयी और न ही रेस्टीकेशन किया गया है।

 

छात्र की मौत प्रकरण पर संपूर्ण जानकारी सीएम कार्यालय को दी गयी है, जिले स्तर पर जांच के लिए एसडीएम, सीओ व डीआओएस की कमेटी बनाई गयी है, जांच रिपोर्ट आने पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।
-निधि गुप्ता वत्स डीएम


शनिवार को स्कूल बंद रहा है, प्रबंधतंत्र ने नोटिस का जवाब दिया है, जिसमें उन्होंने अपना पक्ष रखा है। जांच और पुख्ता करने के लिए उस कक्षा के बच्चों से भी बयान लेंगे। इसके बाद डायरेक्टर माध्यमिक शिक्षा को रिपोर्ट देंगे।
-राकेश कुमार डीआईओएस

 

यह भी पढ़ें- Chitrakoot Flood Alert: नीचे उफनती मंदाकिनी, होटल और घरों की छतों पर फंसे पर्यटक, हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू

यह भी पढ़ें- Chitrakoot Flood: चारों तरफ पानी ही पानी... मरंकडा और शरभंग नदी के उफान से गांव खाली कराए, ट्रेनें रोकी, देखें तस्वीरें