फिरोजाबाद में प्रेमी जोड़े ने लगाई आग, प्रेमिका की मौत; प्रेमी की हालत गंभीर
पुलिस ने दरवाजा तोड़कर उन्हें बचाया, लेकिन अस्पताल ले जाने पर युवती ने दम तोड़ दिया जबकि प्रेमी का इलाज चल रहा है। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
शिकोहाबाद में प्रेमी जोड़े ने खुद को आग लगाई।
प्रेमिका खुशी की इलाज के दौरान मौत हुई।
प्रेमी अरुण कठेरिया गंभीर हालत में भर्ती।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। शिकोहाबाद में प्रेमी जोड़े ने घर के अंदर दरवाजा बंद कर डीजल डालकर आग लगा ली। दोनों जलने लगे तो चीख पुकार मची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा तो दोनों गंभीर रूप से जल चुके थे। आनन फानन में उन्हें जिला संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया।
गंभीर हालत देखकर चिकित्सकों ने दोनों को एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर कर दिया था। जहां चिकित्सक ने युवती को मृत घोषित कर दिया। वहीं प्रेमी का गंभीर हालत में उपचार चल रहा है। प्रेमी जोड़े ने पैर बांध कर आग लगाई थी।
प्रेमी जोड़े ने घर में बंद कर खुद को लगाई आग
मैनपुरी में गांव नगला पंजाबा कोतवाली निवासी अवनीश शर्मा ने शुक्रवार रात नौ बजे शिकोहाबाद थाने में तहरीर दी है कि उनकी 18 वर्षीय भांजी खुशी निवासी गढ़ैया थाना शिकोहाबाद ननिहाल से शुक्रवार सुबह 7.30 बजे घर से निकली थी। दोपहर में फोन करने पर उसका मोबाइल बंद मिला। अवनीश भांजी की तलाश करते हुए शिकोहाबाद स्थित घर पहुंचे तो वहां ताला बंद मिला। पड़ोसियों से पूछताछ में पता चला कि वह अरुण कठेरिया निवासी मुहब्बत अहीर शिकोहाबाद के साथ आई थी।
बहलाफुसलाकर ले जाने की प्राथमिकी दर्ज कराई
इसके बाद रात नौ बजे शिकोहाबाद थाने पहुंचे और अरुण के विरुद्ध भांजी को बहलाफुसलाकर ले जाने की प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस युवती की तलाश शुरू की तो पता चला कि वे दोनों गढ़ैया स्थित घर में ही छिपे हैं। इस पर पुलिस पहुंची। पुलिस और मुहल्ले के लोगों के जुटने पर घर के अंदर अरुण और खुशी ने डीजल डालकर आग लगा ली। शोरगुल मचा तो पुलिस मुहल्ले के लोगों के सहयोग से ताला तोड़कर अंदर घुसी। वहां दोनों आग की लपटों से घिरे थे।
खबरें और भी
दोनों गंभीर हालत में भेजे अस्पताल
किसी तरह आग बुझाया गया लेकिन तब तक दोनों की हालत गंभीर थी। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से जिला संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया। वहां से दोनेां को गंभीर हालत में सरकारी ट्रामा सेंटर और फिर एसएन मेडिकल कालेज ले जाया गया। जहां युवती ने दम तोड़ दिया।
मामा अवनीश ने बताया कि खुशी के पिता संजय की 10 वर्ष पहले सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद अक्सर मां ममता बेटी खुशी और 12 वर्षीय बेटे हर्ष के साथ अधिकतर मायके में ही रहती थी। शुक्रवार को भी युवती ननिहाल से कपड़ा लेने जाने का बहाना करके आई थी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दोनों ने रसोईघर में आग लगाई थी। घर में दो सिलेंडर रखे थे। मौके से एक तेल का केन मिला है। दोनों के पैर रस्सी से बंधे थे।
यह भी पढ़ें- फिरोजाबाद आरव हत्याकांड: मां बोली पति देता था बच्चे की हत्या कराने की धमकी, बयान दर्ज कराएगी पुलिस
यह भी पढ़ें- फिरोजाबाद आरव जघन्य हत्याकांड: मां-नानी का रो-रोकर बुरा हाल, आरोपी को फांसी की मांग; 15 दिन में दाखिल होगी चार्जशीट