यूपी में पति ने जीवित पत्नी का कर दिया पिंडदान, Whatsapp स्टेटस पर लिखा 'स्वर्गीय'
फिरोजाबाद में एक पति ने झगड़े के बाद अपनी जीवित पत्नी का पिंडदान कर दिया और व्हाट्सएप स्टेटस पर उसे 'स्वर्गीय' बताया। ...और पढ़ें

इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित यमुना में पत्नी का फोटो हाथ में लेकर पिंडदान का वीडियो
HighLights
पति ने झगड़े के बाद जीवित पत्नी का पिंडदान किया।
व्हाट्सएप स्टेटस पर पत्नी को 'स्वर्गीय' घोषित कर दिया।
पत्नी ने दहेज उत्पीड़न और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। झगड़े के बाद पति ने जिंदा पत्नी का पिंडदान कर दिया। यमुना में फोटो प्रवाहित करके अंतिम संस्कार की विधि पूरी की। इसके साथ ही अपने व्हाट्सएप स्टेट्स पर पत्नी की फोटो लगाकर नाम के आगे स्वर्गीय लिख दिया। इसके साथ ही पिंडदान करते हुए वीडियो भी स्टेट्स पर लगा दिए।
पति का व्हाट्सएप स्टेट्स देखकर पत्नी को जानकारी हुई। पत्नी ने लाइनपार थाने में शिकायत की है। साथ ही दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया। पुलिस जांच कर रही है।
झारखंड निवासी दीपा स्वर्णकार का लाइनपार क्षेत्र के नगला विष्णु निवासी जितेंद्र प्रकाश से वर्ष 2014 में प्रेम विवाह हुआ था। शादी के कुछ समय बाद से दंपती के बीच झगड़ा होने लगा। दीपा का आरोप है कि ससुरालीजन दहेज की मांग करते हुए उसे प्रताड़ित करने लगे।
30 जुलाई को पति ने उनके साथ मारपीट की। उन्होंने कमरे में खुद को बंद करके किसी तरह बचाया। रविवार को पति ने व्हाट्सएप स्टेट्स पर वीडियो पोस्ट किए। वीडियो में वह दीपा की फोटो लेकर यमुना किनारे पिंडदान करते हुए नजर आ रहा है। युवक ने बाल कटवाने के साथ ही दीपा का फोटो, फूल यमुना में प्रवाहित किए। इसके साथ ही दीपा की फोटो स्टेट्स पर लगाकर नाम के आगे स्वर्गीय लिख दिया।
दीपा का कहना है कि उन्होंने पति की इस हरकत का विरोध किया तो उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वह उनकी लिए मर चुकी हैं। पति ने घर से निकल जाने की भी धमकी दी है। दीपा ने लाइनपार थाने पहुंचकर पुलिस से मामले की शिकायत की।
खबरें और भी
इंस्पेक्टर रमित कुमार आर्य ने बताया कि शराब का आदी है। झगड़े के बाद उसने पत्नी का पिंडदान कर दिया। मारपीट के मामले में महिला की काउंसलिंग कराई जाएगी। समझौता न होने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पति थाने में शिकायत होने की जानकारी के बाद घर से भाग गया है।
स्टेट्स देख रिश्तेदारों के आने लगे फोन
दीपा ने बताया कि पति का व्हाट्सएप स्टेट्स देखकर रिश्तेदारों और दोस्तों के फोन आने लगे। फोन करने वाले की जब दीपा से बात हुई तो वह भी आश्चर्यचकित रह गए। लगातार फोन आने पर महिला ने अपने वाट्सअप नंबर पर सकुशल होने का संदेश पोस्ट किया।
घटना के बाद से अवसाद में है पत्नी
दीपा ने बताया कि पति की इस हरकत से वह अवसाद में हैं। उन्होंने बताया कि उनके दो बच्चे हैं। बच्चों के भविष्य को देखते हुए वह ससुरालियों का उत्पीड़न सहन कर रही थीं। कई बार पति ने जान से मारने की धमकी दी। इसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी उनके पास है।