Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    फिरोजाबाद मुठभेड़ में ढेर हुए बदमाश सुमित यादव पर थे 26 मुकदमे, अंकित भी था पुलिस पर हमलावर

    Updated: Sat, 18 Jul 2026 11:13 AM (IST)

    फिरोजाबाद मुठभेड़ में मारा गया बदमाश सुमित यादव सैफई का हिस्ट्रीशीटर था, जिस पर लूट, चोरी और जानलेवा हमले सहित 26 गंभीर मामले दर्ज थे। ...और पढ़ें

    फिरोजाबाद मुठभेड़।

    फिरोजाबाद मुठभेड़।

    HighLights

    1. फिरोजाबाद मुठभेड़ में सुमित यादव, अंकित बदमाश मारे गए

    2. सुमित यादव सैफई का हिस्ट्रीशीटर, 26 मामले दर्ज थे।

    3. अंकित पर पुलिस पर जानलेवा हमले के केस।

    जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। शिकोहाबाद में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया बदमाश सुमित यादव सैफई थाने का हिस्ट्रीशीटर था। वह इटावा के चौबिया थाने में दर्ज चोरी के मामले में वांछित था। उस पर लखनऊ, फिरोजाबाद, मैनपुरी और इटावा के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, गैंगस्टर, जानलेवा समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में कुल 26 मामले दर्ज हैं। उसे टूंडला पुलिस ने भी वर्ष 2023 में चोरी के माल के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था। एसओजी इंस्पेक्टर अतुल सिंह ने बताया कि दोनों बदमाश दुर्दांत थे।

    सुमित मूलरूप से नगला हरनाथ, सैफई इटावा का रहने वाला था। वर्तमान में वह पुलिस को चकमा देने के लिए गोमतीनगर, लखनऊ में रहने लगा था। वहीं अंकित पर इटावा के विभिन्न थानों में लूट, जानलेवा हमले के तीन मामले दर्ज हैं। इसमें एक मामला पुलिस टीम पर हमले का भी है।

    एसओजी को नहीं था अंदेशा बदमाश कर देंगे फायरिंग

    इटावा एसओजी को यह अंदेशा नहीं था कि ट्रेन में बैठे बदमाशों के पास तमंचे और कारतूस भी होंगे और वे फायरिंग भी कर देंगे। इसलिए कोई बुलेट प्रूफ जैकेट भी नहीं पहने था।

    यह भी पढ़ें- फिरोजाबाद पुलिस मुठभेड़: कीचड़ में खड़े होकर किए खाकी पर कई राउंड फायर, ऐसे ढेर हुए सुमित और अंकित

    सुमित जो करता था वह सामने है, बाबा फौज में थे

    मुठभेड़ में मारा गया बदमाश सुमित दो माह पूर्व घर गया था। उसके मुठभेड़ में मारे जाने की सूचना पर पुलिस के साथ मां सरोज देवी उर्फ कुमकुम, मामा आदेश और चचेरा भाई आशीष पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। मामा ने बताया कि सुमित दो भाई और एक बहन में दूसरे नंबर का था। वह जो करता था सामने है।

    खबरें और भी

    चचेरे भाई ने बताया कि उनके बाबा मोहर सिंह फौज में थे। अंकित के स्वजन ने बताया कि वह तीन भाई और एक बहन में छोटा था। बड़े भाई दीप चंद्र इटावा रेलवे स्टेशन के पास चाय की दुकान चलाते हैं। दूसरे भाई हरिश्चंद्र कानपुर में रहता है।

    32 बोर की एक पिस्टल और तीन तमंचे बरामद

    सीओ शिकोहाबाद शेखर सेंगर ने बताया मुठभेड़ के बाद बदमाशों के पास से 32 बोर की पिस्टल और तीन तमंचे बरामद हुए हैं। इटावा एसओजी ने मृत बदमाशों के विरुद्ध पुलिस पर फायरिंग सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई है। 

    यह भी पढ़ें- UP Weather: झमाझम बरसेगा मानसून, लखनऊ सहित 40 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; बिजली गिरने की चेतावनी भी

    सुमित के तीन और अंकित को दो गोली लगीं

    फिरोजाबाद। मुठभेड़ के दौरान सुमित यादव को पुलिस की तीन गोलियां लगीं। इनमें से दो सीने और एक सिर में लगी है। वहीं अंकित के एक गोली सीने और दूसरी सिर में लगी है।