फिरोजाबाद में शिक्षक की लापरवाही: छात्र को स्कूल में बंद कर गए, पुलिस ने बचाया
छात्र के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने यूपी 112 को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने ताला तोड़कर उसे बाहर निकाला और अब मामले की शिकायत की गई है। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
पेट दर्द से पीड़ित छात्र को स्कूल में छोड़ा
शिक्षक ताला लगाकर गए, छात्र अंदर फंसा रहा
यूपी 112 पुलिस ने ताला तोड़कर छात्र को बचाया
संवाद सहयोगी, नारखी (फिरोजाबाद)। रजावली क्षेत्र के गांव सेवला रामपुर स्थित जूनियर हाईस्कूल में शिक्षकों की लापरवाही का मामला सामने आया है। पेट दर्द से कराहते कक्षा आठ के छात्र को दवा दिलवाए बिना उसे कक्षा में सुला दिया। दोपहर में अवकाश होने पर वे उसे सोते हुए छोड़ गए।
कुछ देर बाद उसकी आंख खुली तो वह बदहवास हालत में स्कूल के गेट के पास आकर रोने लगा। ग्रामीण ने इसकी सूचना यूपी 112 पुलिस को दी। पुलिस ने ताला तोड़ कर छात्र को बाहर निकाला। पिता ने मामले की शिकायत बीएसए से करने के साथ ही मुख्यमंत्री पोर्टल पर की है।
पेट में हुआ था दर्द, शिक्षक ने कक्षा में सो जाने के लिए कहा
सेवला रामपुर निवासी धीरज कठेरिया का 12 वर्षीय पुत्र प्रशांत गांव में ही स्थित जूनियर हाईस्कूल में पढ़ता है। मंगलवार दोपहर 12 उसके पेट में दर्द होने लगा। उसने यह बात शिक्षक को बताई। शिक्षक ने उसे दवा दिलवाने या घर भेजने की बजाय कक्षा में ही लेट जाने को कहा। छात्र कक्षा में ही सो गया।
दोपहर डेढ़ बजे अवकाश हुआ तो शिक्षक स्कूल के गेट पर ताला लगाकर चले गए। इसके 15 मिनट बाद छात्र की नींद खुली तो गेट बंद देखा। वहां न अन्य छात्र थे, न शिक्षक। इससे घबरा कर वह गेट के पास आकर रोने लगा।
खबरें और भी
चाचा और अन्य स्वजन मौके पर पहुंचे
इसकी जानकारी पर पिता, चाचा मानसिंह और अन्य स्वजन मौके पर पहुंच गए। स्कूल के समीप रहने वाले अलाउद्दीन से मामले की सूचना पाकर यूपी 112 पुलिस मौके पर पहुंची और ग्राम पंचायत के प्रशासक राम नरेश, छात्र के स्वजन और अन्य ग्रामीणों की उपस्थिति में गेट का ताला तोड़ कर उसे बाहर निकाला।
यह भी पढ़ें- फिरोजाबाद: बेटी-पुत्रवधू से दुष्कर्म का दोषी अंतिम सांस तक रहेगा जेल में, पीड़िताओं के बयान बने सजा का आधार
सीएम पोर्टल पर शिकायत की
बाद में दूसरा ताला बंद कर चाबी प्रशासक को दे दी गई। बाद में शिक्षक भी पहुंच गए। छात्र के स्वजन ने प्रधानाध्यापक मनोज कुमार और शिक्षकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की है।
यह भी पढ़ें- 50 रुपये में आगरा से गोवर्धन जाएंगी 1100 बसें, मुड़िया मेला के श्रद्धालुओं के लिए यूपी रोडवेज का प्लान तैयार
बीएसए ने मांगा जवाब
बीएसए अनिल कुमार ने बताया कि मामले में प्रधानाध्यापक से जवाब-तलब किया गया है। बुधवार को उन्हें कार्यालय में स्पष्टीकरण देने के लिए बुलाया गया है।