पुराने वाहन स्क्रैप कराकर नया खरीदने पर 10 साल तक टैक्स छूट, गाजियाबाद में नई स्क्रैप नीति पर बैठक
गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा की तैयारियों और नई स्क्रैप नीति के प्रचार-प्रसार को लेकर परिवहन विभाग की बैठक हुई। इसमें पुराने वाहन स्क्रैप कर नए यूरो-6 ...और पढ़ें

कांवड़ यात्रा को लेकर परिवहन विभाग की बैठक, बस संचालकों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश। फोटो: जागरण
HighLights
पुराने वाहन स्क्रैप कराने पर 10 साल तक कर छूट मिलेगी
नई 'नया सफर योजना' के तहत यूरो-6 वाहन खरीदने पर लाभ
कांवड़ यात्रा के लिए बस चालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा और श्रावण मेला-2026 की तैयारियों के साथ केंद्र सरकार की नई स्क्रैप नीति के प्रचार-प्रसार को लेकर बृहस्पतिवार को संभागीय परिवहन कार्यालय में बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता उप परिवहन आयुक्त, मेरठ परिक्षेत्र हरिशंकर सिंह ने की। इसमें ट्रक एवं बस यूनियन के पदाधिकारियों, वाहन स्वामियों और अधिकृत वाहन स्क्रैपिंग सेंटर (आरवीएसएफ) के संचालकों ने भाग लिया।
नई स्क्रैप नीति और कर छूट की दी जानकारी
बैठक में वाहन स्वामियों को बताया गया कि यदि वे अपने पुराने वाहनों को अधिकृत स्क्रैपिंग सेंटर पर स्क्रैप कराते हैं और उसके स्थान पर भारत सरकार की नई ‘नया सफर योजना’ के तहत यूरो-6 मानक का नया वाहन खरीदते हैं तो उन्हें 10 वर्ष तक वाहन कर में छूट का लाभ मिलेगा।
अधिकारियों ने आरवीएसएफ संचालकों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक वाहन स्वामी इसका लाभ उठा सकें।
कांवड़ यात्रा को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर बस संचालकों और वाहन स्वामियों को प्रशासन की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश भी दिए गए। कहा गया कि कोई भी चालक नशे की हालत में वाहन न चलाए और प्रतिबंधित मार्गों पर वाहनों का संचालन न किया जाए।
आवश्यकता के अनुसार बसों को निर्धारित बस स्टैंड पर ही खड़ा करने के लिए भी कहा गया। बैठक में संभागीय परिवहन अधिकारी प्रमोद कुमार सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डाॅ. सियाराम वर्मा तथा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) अशोक कुमार श्रीवास्तव समेत परिवहन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।