Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गाजियाबाद में 1.5 लाख के बदले हड़पा 35 लाख का मकान, चक्कर कटवाती रही पुलिस; DM ने 53 घंटे में करवाया खाली

    Updated: Mon, 01 Jun 2026 08:17 PM (IST)

    गाजियाबाद में एक महिला के मकान पर अवैध कब्जा कर लिया गया था, जिसकी शिकायत पुलिस ने नहीं सुनी। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने हस्तक्षेप कर 53 घंटे ...और पढ़ें

    महिला का मकान खाली कराकर सौंपा गया। फोटो: जागरण

    महिला का मकान खाली कराकर सौंपा गया। फोटो: जागरण

    HighLights

    1. महिला के 35 लाख के मकान पर हुआ था अवैध कब्जा

    2. पुलिस की शिकायत पर नहीं हुई थी कोई कार्रवाई

    3. डीएम ने 53 घंटे में महिला को वापस दिलाया कब्जा

    जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। विजयनगर में रहने वाली एक महिला को एक जानकार से 1.50 लाख रुपये ब्याज पर लेना इतना महंगा पड़ा कि उनके 35 लाख रुपये कीमत के मकान पर ही कब्जा कर लिया गया। मजबूरी में महिला को किराए पर कमरा लेकर रहना पड़ रहा था, विजयनगर पुलिस से शिकायत करने पर भी मदद नहीं मिली।

    इसके बाद महिला को एक सज्जन ने जिलाधिकारी के पास शिकायत करने की सलाह दी। डीएम से शिकायत के 53 घंटे के अंदर ही महिला को अपने मकान पर वापस कब्जा मिल गया, डीएम खुद पुलिस बल के साथ महिला को मकान पर कब्जा दिलाने के लिए विजयनगर पहुंचे। मकान पर कब्जा मिलने के बाद महिला के आंसू छलक पड़े।

    28 गज के मकान की कीमत है 35 लाख

    विजयनगर के सेक्टर-11 स्थित बी - ब्लाक में रहने वाली चंचल का 28 गज का मकान है, जिसकी कीमत लगभग 35 लाख रुपये है। चंचल के पति की मृत्यु हो चुकी है, वह ठेली पर खाना बनाकर परिवार काे संभालती हैं।

    उन्होंने बताया कि जरूरत के समय में विजयनगर में ही रहने वाले अपने जानकार ताज मोहम्मद से उन्होंने 1.50 लाख रुपये ब्याज पर लिए थे, ब्याज के साथ 1.50 लाख रुपये वापस कर दिए। लेकिन ताज ने ब्याज बढ़ा चढ़ाकर बताते हुए महिला पर सात लाख रुपये बकाया होने की बात कहते हुए मकान पर कब्जा कर लिया, इस मकान को उसने मोमिन को रहने के लिए दे दिया।

    खबरें और भी

    मकान पर अवैध कब्जा हुआ तो महिला ने विजयनगर पुलिस से शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। वह परेशान हो गई, मजबूरी में किराए पर कमरा लेकर रहने लगी। महिला की पीड़ा सुनकर एक सज्जन ने जिलाधिकारी शे शिकायत करने की सलाह दी।

    29 मई को महिला ने डीएम से शिकायत की

    29 मई को सुबह 11 बजे महिला ने कलक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी से शिकायत की तो एसडीएम सदर अरुण दीक्षित से जांच कराई गई। जांच में आरोप सही पाए गए। इसके बाद डीएम ने अवैध कब्जा करने वालों से मकान खाली कराने के निर्देश दिए, डीएम के निर्देश पर मोमिन से मकान खाली करवाया गया।

    सोमवार को शाम चार बजे डीएम रविंद्र कुमार मांदड़, डीसीपी सिटी धवल जायसवाल, एसडीएम सदर अरुण दीक्षित, एसीपी कोतवाली उपासना पांडे सहित अन्य पुलिस अधिकारी विजयनगर पहुंचे। जिलाधिकारी ने महिला को मकान पर वापस कब्जा दिलाया।

    कब्जा मिलते ही झलक पड़े आंसू

    इस दौरान महिला की आंख से आंसू छलक गए, उन्होंने कहा कि मैंने तो सिर्फ सुना था कि डीएम सभी की मदद तुरंत करते हैं, इसी आस में शिकायत भी की थी। अब देख भी लिया कि सच में डीएम द्वारा शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जाती है। जिलाधिकारी ने महिला को परिवार के साथ मकान में रहने के लिए कहा और सुरक्षा का आश्वासन दिया।

    जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश हैं कि किसी भी गरीब, कमजोर, बेसहारा, जरूरतमंद व्यक्ति को शाेषण नहीं होना चाहिए। जांच में पता चला कि आरोपित ताज मोहम्मद पूर्व में जमीन पर कब्जे के मामले में जेल भी गया है।

    उन्होंने पुलिस को निर्देश दिए कि अवैध रूप से कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, जिससे कि दोबारा वह किसी के मकान पर कब्जा न कर सके।

    यह भी पढ़ें- गाजियाबाद: दलित युवक की हत्या के दोषी दो भाइयों को उम्रकैद, 10 साल बाद आया फैसला

    यह भी पढ़ें- गाजियाबाद की सोसाइटी में नया नियम, 6 महीने मेंटेनेंस नहीं दिया तो पानी सप्लाई बंद; गंगाजल कनेक्शन के लिए देने होंगे ₹700