गाजियाबाद की सोसाइटी में नया नियम, 6 महीने मेंटेनेंस नहीं दिया तो पानी सप्लाई बंद; गंगाजल कनेक्शन के लिए देने होंगे ₹700
विंडसर एंड नोवा अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) की आम सभा में गंगाजल कनेक्शन, रखरखाव शुल्क वृद्धि और पार्किंग नियमों सहित आठ महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित ...और पढ़ें

गंगाजल कनेक्शन के लिए प्रति फ्लैट 700 रुपये का शुल्क। इमेज एआई
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। विंडसर एंड नोवा अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन शिप्रा सन सिटी की आम सभा रविवार शाम जागर्स पार्क में आयोजित की गई। इस दौरान आठ महत्वपूर्ण प्रस्ताव एओए ने पारित किए। इनमें गंगाजल के कनेक्शन के लिए सभी से 700 रुपये प्रति फ्लैट लेने जैसे अन्य प्रस्ताव रहे। बैठक में सोसायटी के करीब 150 निवासियों ने भी हिस्सा लिया और जरूरी सुझाव रखे।
अध्यक्ष सीपी बालियान ने एसोसिएशन द्वारा किए जा रहे विकास एवं रखरखाव कार्यों की विस्तृत जानकारी सदस्यों के साथ साझा की। उन्होंने बताया कि सोसायटी में पुस्तकालय एवं मनोरंजन केंद्र की स्थापना का कार्य जारी है। आग से सुरक्षा को देखते हुए ब्लाक छोड़कर हर दूसरे ब्लाक में फायर एक्सटिंग्विशर लगाया गया है।
वरिष्ठ नागरिकों को पहचान पत्र वितरित किए गए हैं ताकि वह किसी भी आपातकालीन स्थिति में अपने परिजनों से संपर्क स्थापित कर सकें। इसके अलावा जाेगर्स पार्क और कृष्ण वाटिका पार्क में निवासियों के सहयोग से दो वाटर कूलर भी लगाए गए हैं।
कोषाध्यक्ष विजय पाल मलिक ने आय-व्यय का विवरण दिया। महासचिव ललित पांडे ने बताया कि 2026-27 वित्तीय वर्ष के लिए आडिटर की नियुक्ति भी की गई है।
इन प्रस्तावों को किया गया पारित
- बिजली संबंधी समस्या के समाधान के लिए पावर केबल खरीदे जाएंगे।
- गंगाजल के नए कनेक्शन के लिए प्रति फ्लैट 700 रुपये लिए जाएंगे।
- एक्सटीरियर कार्यों का भुगतान सभी फ्लैटों के लिए अनिवार्य किया गया।
- छह माह से अधिक समय से रखरखाव शुल्क बकाया रखने वालों के पानी के कनेक्शन काटे जाएंगे।
- पार्किंग नियमों का उल्लंघन करने, वाहन पर निर्धारित स्टिकर न लगाने या पार्किंग जैमर को क्षति पहुंचाने पर नुकसान पर 10
गुना अधिक की वसूली
- रात 11 बजे के बाद पार्कों में किसी भी प्रकार की गतिविधि या शोर-शराबा करने की अनुमति नहीं होगी।
- पार्कों में खेलने की अनुमति केवल 13 वर्ष तक की आयु के बच्चों को होगी।
- सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप घरेलू कचरे का पृथक्करण अनिवार्य रूप से लागू किया जाएगा।
- मेंटेनेंस शुल्क को एक रुपये प्रति वर्ग फुट से बढ़ाकर एक रुपये 20 पैसे प्रति वर्ग फुट किया गया, जो एक मई 2026 से प्रभावी होगा।
यह भी पढ़ें: सर्दियों से पहले एक्शन मोड में LG, दिल्ली-NCR को 'गैस चैंबर' बनने से रोकने के लिए बना फुलप्रूफ रोडमैप