गाजियाबाद में दो महीने से बिजली बिल नहीं भरने वालों पर निगम का शिकंजा, बकायेदारों पर कार्रवाई शुरू
गाजियाबाद में विद्युत निगम ने दो महीने से बिल जमा न करने वाले 75,995 उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की है, जिन पर कुल 19.59 करोड़ रुपये बकाया ...और पढ़ें
-1784913957860-1785082248405_m.webp)
बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं पर विद्युत निगम ने सख्ती शुरू कर दी।
HighLights
दो महीने से बिल बकाया वाले 75,995 उपभोक्ता चिह्नित।
कुल 19.59 करोड़ रुपये का बकाया, कनेक्शन काटे जा रहे।
900 कनेक्शन कटे, 50 लाख रुपये राजस्व प्राप्त हुआ।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। लगातार दो महीने से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं पर विद्युत निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। जून और जुलाई का बिल बकाया रखने वाले 75,995 उपभोक्ताओं को चिह्नित कर उनके खिलाफ चरणबद्ध कनेक्शन विच्छेदन अभियान चलाया जा रहा है। इन उपभोक्ताओं पर कुल 19.59 करोड़ रुपये का बकाया है।
निगम के अनुसार, बकायेदारों में करीब 31,500 स्मार्ट मीटर उपभोक्ता शामिल हैं। इनके कनेक्शन अधिशासी अभियंता के निर्देश पर सिस्टम से एक कमांड के जरिए काटे जा रहे हैं, जबकि नॉन-स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के कनेक्शन अवर अभियंता और लाइनमैन मौके पर पहुंचकर विच्छेद कर रहे हैं।
शहरी क्षेत्र में करीब 900 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जा चुके
अभियान के तहत अब तक शहरी क्षेत्र में करीब 900 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जा चुके हैं। रविवार को भी लगभग 200 कनेक्शन विच्छेद किए गए। कार्रवाई के बाद करीब 850 उपभोक्ताओं ने बकाया जमा कर दोबारा बिजली आपूर्ति बहाल करा ली, जिससे निगम को लगभग 50 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।
विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता अविनाश अग्रहरी का कहना है कि जिन उपभोक्ताओं ने लगातार दो महीने का बिजली बिल जमा नहीं किया है, उनके खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। बकाया जमा नहीं करने पर कनेक्शन काटने के साथ अन्य नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।