गाजियाबाद में बिजली कटौती से औद्योगिक उत्पादन प्रभावित, सीडीओ ने दिए सुधार के निर्देश
गाजियाबाद में बिजली की ट्रिपिंग और फॉल्ट से औद्योगिक इकाइयां प्रभावित हो रही हैं। उद्योग बंधु की बैठक में इस समस्या को प्रमुखता से उठाया गया, जिस पर स ...और पढ़ें

गाजियाबाद में बिजली की ट्रिपिंग और फॉल्ट से औद्योगिक इकाइयां प्रभावित हो रही हैं।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। जिले में विद्युत व्यवस्था बेहतर करने का आश्वासन जिले के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने अपनी पहली बैठक में भी दिया था लेकिन इसका असर नहीं हुआ है। यही वजह है कि बिजली की ट्रिपिंग व फाल्ट के कारण औद्योगिक इकाइयों में कार्य प्रभावित हो रहा है।
सोमवार को कलक्ट्रेट में आयोजित उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों ने बिजली कटौती की समस्या को प्रमुखता से उठाया। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता को प्रभावी कार्ययोजना बनाकर विद्युत व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए हैं।
बैठक में आल इंडिया मैन्यूफैक्चर्स ऑर्गनाइजेशन के उत्तर प्रदेश बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र गोयल ने बताया कि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा औद्याेगिक इकाइयों में निरीक्षण एवं कार्रवाई के दौरान उद्यमियों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने सीपीसीबी की नियमावली, मानकों एवं एसओपी की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए कार्यशाला का आयोजन कराने का अनुरोध किया है।
मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने यूपीपीसीबी, सीपीसीबी, सीएक्यूएम के अधिकारियों के समन्वय से जागरूकता कार्यशाला का आयोजन कराने के निर्देश दिए, जिससे कि उद्यमियों को मानकों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की समुचित जानकारी मिल सके। इस दौरान इंद्रप्रस्थ योजना में कूड़े का उठान न होने की शिकायत पर जीडीए के अधिकारियों को जल्द ही आवश्यक कार्यवाही करने के लिए कहा गया।
खबरें और भी
पावी पुस्ता विद्युत उपकेंद्र पर जलभराव की समस्या एवं नाले के नीचे दबी विद्युत तारों के स्थानांतरण के संबंध में एनएचएआइ के अधिकारियों ने अगले दो सप्ताह में मुख्यालय से एस्टीमेट स्वीकृत होने की बात कही है। साहिबाबाद साइट चार औद्योगिक क्षेत्र में यूपीसीडा के पार्क में अवैध कब्जे के मामले में सीडीओ ने अतिक्रमण हटाने के निर्देश एसडीएम सदर को दिए हैं।
लोनी लें लंबित फायर स्टेशन के निर्माण का कार्य साइट पर कूड़ा पड़ा होने के कारण शुरू न होने की समस्या उद्यमियों ने बताई तो यूपीसीडा के अधिकारियों ने सफाई कार्य के लिए 15 दिन का समय मांगा है।
मुरादनगर में प्रस्तावित फायर स्टेशन के लिए चिह्नित भूमि के हस्तांतरण संबंधित प्रकरण में मुख्य अग्निशमन अधिकारी को मोदीनगर एवं मुरादनगर नगर पालिका के अधिकारियों से समन्वय कर प्रकरण का शीघ्र निस्तारण करने के लिए कहा है, जिससे कि जल्द ही फायर स्टेशन का निर्माण कार्य शुरू हो सके।