गाजियाबाद: बिजली निगम की चेतावनी बेअसर, वजीराबाद मार्ग पर 11KV लाइन के नीचे ही लगा दिए कांवड़ शिविर
गाजियाबाद के वजीराबाद मार्ग पर 11 केवी हाईटेंशन लाइन के नीचे कई कांवड़ शिविर लगाए गए हैं, जिससे शिवभक्तों की सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो गया है। ...और पढ़ें

हाईटेंशन लाइन के नीचे ही कांवड शिविर लगाकर शिवभक्तों की जान से खिलवाड़
HighLights
वजीराबाद मार्ग पर 11 केवी लाइन के नीचे शिविर।
शिवभक्तों की जान को गंभीर खतरा बना हुआ है।
विद्युत निगम ने जांच कर कार्रवाई की बात कही।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। वजीराबाद मार्ग पर शालीमार गार्डन के सामने 11 केवी हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। संचालकों ने लाइन के नीचे ही कांवड़ शिविर लगा दिए।
एक शिविर नहीं, बल्कि एक के बाद एक पांच शिविर लगा दिए गए हैं। इससे शिवभक्तों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा है। इस पर न तो विद्युत निगम के अधिकारियों ने ध्यान दिया और न ही एनओसी देने वालों ने ध्यान दिया।
विद्युत निगम ने कांवड़ शिविर लगाने के लिए एडवाइजरी जारी की थी। इसमें सीधे लिखा था कि कोई भी 33केवी, 11केवी और एलटी लाइन के आसपास शिविर न लगाए।
आने वाले समय में हो सकती है परेशानी
इसके बाद भी शिविर संचालकों ने लापरवाही बरतते हुए लाइन के नीचे ही शिविर लगा दिए। जबकि इन शिविरों में कांवड़िए पहुंचने भी शुरू हो गए हैं। आने वाले दिनों में यहां हजारों शिवभक्त आराम करेंगे।
अगर स्पार्किंग होने या अन्य किसी कारण से तार टूट कर नीचे गिरा तो बड़ा हादसा हो सकता है। विद्युत निगम, विद्युत सुरक्षा विभाग और पुलिस-प्रशासन का इस पर ध्यान नहीं जा रहा है।
वहीं, विद्युत निगम के अधिकारियों का कहना है कि कुछ लोगों ने बिना अनुमति के ही शिविर लगा लिए हैं। अभी शिविरों की जांच की जा रही है। अगर किसी ने हाईटेंशन लाइन के नीचे शिविर लगाए हैं तो नोटिस जारी कर तुरंत हटवाए जाएंगे।
इन इलाकों में लगे सबसे अधिक शिविर
ट्रांस हिंडन के मोहननगर, अर्थला, शालीमार गार्डन, वैशाली, इंदिरापुरम, वसुंधरा, कौशांबी, वजीराबाद रोड, डेल्टा कालोनी समेत विभिन्न स्थानों पर सबसे अधिक शिविर लगाए गए हैं। विद्युत निगम के अधिकारियों का कहना है कि शिविरों की जांच की जा रही है। इसमें अनुमति की भी देखी जा रही है।
खबरें और भी
ट्रांसफार्मर और पोल से पांच मीटर दूर शिविर लगाने का है नियम
कांवड़ शिविर लगाते समय सबसे अधिक सुरक्षा का ध्यान रखना जरूरी है। ट्रांसफार्मर और पोल से कम से कम पांच मीटर की दूरी पर ही कांवड़ शिविर लगा सकेंगे। अगर कोई निर्धारित से कम दूरी पर शिविर लगाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई का नियम है।
विद्युत निगम ने इन नियमों का पालन करने के दिए निर्देश
- 33केवी, 11केवी और एलटी लाइन के पास शिविर न लगाएं।
- जेनरेटर व बिजली के उपयोग के लिए एनओसी अनिवार्य।
- पैनल और जेनरेटर सेट सुरक्षित स्थान पर रखना होगा।
- अर्थिक करनी अनिवार्य है और आसपास पानी न भरे।
- तार, पोल, ट्रांसफार्मर, स्टे वायर व अन्य विद्युत उपकरणों को स्पर्श न करें।
- ऊंचे कांवड़, ध्वज व तेज ध्वनि यंत्र वाहन लेकर चलते समय विशेष सावधानी बरतें।
- पांच एंपीयर साकेट पर 800 वाट का उपयोग करे।
- 15 एंपीयर साकेट पर 2000 वाट उपयोग करें।
आपात स्थिति में कंट्रोल रूम के नंबर पर कर सकेंगे कॉल
- कंट्रोलरूम नंबर 9193320115
- हेल्पलाइन नंबर 1912
कुछ लोगों ने बिना अनुमति के ही शिविर लगा लिए हैं। सभी की जांच की जा रही है। हाईटेंशन लाइन के नीचे शिविर लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
-अखिलेश सिंह, अधीक्षण अभियंता, विद्युत निगम।