Traffic Diversion: गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा को लेकर ट्रैफिक डायवर्जन लागू, जाम से जूझ रहे लोग
गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा के लिए भारी वाहनों का डायवर्जन लागू होने के पहले दिन कई प्रमुख मार्गों पर जाम लग गया। 5 अगस्त से हल्के वाहनों के लिए भी दू ...और पढ़ें

लोहा मंडी के पास जीटी रोड पर लगा जाम। जागरण
HighLights
गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा के लिए भारी वाहनों का डायवर्जन लागू।
पहले दिन एएलटी और जीटी रोड पर लंबा जाम लगा।
5 अगस्त से हल्के वाहनों के लिए भी डायवर्जन का दूसरा चरण।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा को लेकर जिले में बुधवार सुबह आठ बजे से भारी मालवाहक वाहनों के लिए डायवर्जन लागू कर दिया गया। डायवर्जन प्रभावी होते ही पुलिस ने सभी प्रमुख मार्गों और बैरियर प्वाइंट पर बैरियर लगाकर भारी वाहनों का प्रवेश रोक दिया।
ट्रक, ट्रोला, कैंटर और ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत सभी भारी वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से भेजा गया। डायवर्जन लागू होने के पहले ही दिन इसका असर शहर के कई प्रमुख मार्गों पर दिखाई दिया। पहले दिन लोग जाम में फंसे हुए नजर आए। कांवड़ियों की संख्या को ध्यान में रखकर ट्रैफिक प्लान में बदलाव संभव है।

एएलटी आरओबी पर लगा जाम। जागरण
सुबह करीब 10 बजे से दोपहर तक एएलटी रोड पर आरओबी से गुलधर तक राजनगर एक्सटेंशन की ओर जाने वाली लेन पर लंबा जाम लगा रहा। वाहन रेंगते रहे और लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लगा। वहीं, सुबह 11 : 15 बजे से दोपहर दो बजे जीटी रोड पर लोहा मंडी से लाल कुआं तक बुलंदशहर की ओर जाने वाली लेन पर भी वाहनों की लंबी कतार लग गई।
यातायात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहनों का संचालन सुचारु कराने का प्रयास किया। डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन ने बताया कि हरिद्वार से जल लेकर लौटने वाले कांवड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए डायवर्जन प्वाइंट पर यातायात पुलिस और नागरिक पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। सभी स्थानों पर संकेतक बोर्ड और बैरियर लगाए गए हैं।
खबरें और भी
दूसरे चरण का डायवर्जन पांच अगस्त की सुबह आठ बजे से लागू होगा। इसके तहत हल्के मालवाहक वाहन, कार, टेंपो और बसों की आवाजाही भी प्रभावित होगी। पाइपलाइन मार्ग पर सभी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। दूधेश्वरनाथ मंदिर की ओर जाने वाले कई मार्गों पर दोपहिया समेत सभी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।
सीमापुरी और तुलसी निकेतन से बसें शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगी। जबकि बुलंदशहर की ओर से आने वाली बसों का संचालन लाल कुआं से किया जाएगा। यह व्यवस्था 12 अगस्त तक प्रभावी रहेगी। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।
गंगनहर पटरी रोड पर बदला ट्रैफिक प्लान
बुधवार सुबह पैदल कांवड़ियों की संख्या अचानक बढ़ने पर यातायात पुलिस ने ट्रैफिक प्लान में हल्का बदलाव किया। पहले केवल भारी वाहनों के लिए प्रतिबंधित गंगनहर पटरी मार्ग को अब हल्के और भारी सभी प्रकार के वाहनों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया।
इसके बाद इस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों को अन्य वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया गया। वहीं रात के समय में हल्के वाहनों को गंगनहर पटरी मार्ग पर जाने की इजाजत दी जा सकती है लेकिन इजाजत देने से पहले पुलिस कांवड़ियों की संख्या का आंकलन करेगी। यदि रात में भी कावंड़ियां चलते हैं तो रात में भी इजाजत नहीं मिलेगी।