Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पत्नी को लेने गाजियाबाद से देहरादून जा रहे युवक का कार में मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

    Updated: Sun, 28 Jun 2026 06:30 PM (IST)

    गाजियाबाद के साहिबाबाद में अपनी पत्नी को देहरादून लेने जा रहे एक युवक का शव कार में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। परिजनों ने चेहरे पर चोट के निशान दे ...और पढ़ें

    अखिलेश की फाइल फोटो।

    अखिलेश की फाइल फोटो।

    HighLights

    1. युवक अखिलेश का शव कार में संदिग्ध हालत में मिला।

    2. पत्नी को देहरादून लेने जा रहा था, परिवार ने हत्या का आरोप लगाया।

    3. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा, रिपोर्ट का इंतजार।

    जागरण संवाददाता, साहिबाबाद (गाजियाबाद)। टीलामोड़ थाना क्षेत्र के निस्तौली निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव भारत सिटी सोसायटी के पास कार में मिला। युवक शनिवार को अपनी पत्नी को लेने के लिए देहरादून निकला था। काफी समय तक परिवार से संपर्क नहीं होने पर स्वजन ने तलाश शुरू की तो शव मिला।

    शव पर चोट के निशान देखकर स्वजन ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा और इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    प्रज्ञा को लेने देहरादून रवाना हुआ था अखिलेश

    निस्तौली निवासी कैलाश पुरोहित का इकलौता बेटा अखिलेश उर्फ सोनू पुरोहित (30) नोएडा की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। कैलाश के परिवार में पत्नी, पुत्रवधू व आठ माह का पौता है। डेढ़ वर्ष पहले उसकी शादी देहरादून निवासी प्रज्ञा से हुई थी। उनका कहना है कि एक सप्ताह पूर्व पुत्रवधू मायके गई थी। शनिवार शाम तीन अखिलेश प्रज्ञा को लेने के लिए कार से देहरादून रवाना हुआ था।

    अखिलेश ने रास्ते में मैसेज के माध्यम से पत्नी को देहरादून आने की जानकारी भी दी थी। कैलाश का कहना है कि कार ड्राइव करने के दौरान व्यवधान न डालने के लिए उन्होंने और पुत्रवधू ने अखिलेश को काल नहीं की। कई घंटे तक देहरादून नहीं पहुंचने पर उन्होंने बेटे से संपर्क करने का प्रयास किया तो बात नहीं हो पाई। इसके बाद उन्होंने बेटे की तलाश शुरू की। रविवार दोपहर भारत सिटी सोसायटी के निकट एक पेट्रोल पंप के पास बेटे की कार खड़ी दिखाई दी।

    खबरें और भी

    बेटा कार में मृत अवस्था में मिला। उनका कहना है कि बेटे का एक पैर स्टेयरिंग पर था और सिर दोनों सीट के बीच में था। चेहरे और आंख के पास चोट के निशान थे। उन्होंने तत्काल मामले की जानकारी पुलिस को दी और हत्या का अंदेशा जताया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कैलाश पुरोहित ने बताया कि शुक्रवार को अखिलेश का उनके पास फोन आया था।

    सहारनपुर होते हुए देहरादून आने की बात कही

    आफिस में व्यस्त होने की बात कहते हुए अखिलेश ने देहरादून जाने से असमर्थता जताई थी। इसके बाद उन्होंने बेटे से खुद देहरादून जाने के लिए कहा था। लेकिन बाद में अखिलेश ने देहरादून जाने के लिए हामी भर दी और रवाना हो गया।

    रास्ते में अखिलेश ने प्रज्ञा को मैसेज करके किसी जरूरी काम से सहारनपुर होते हुए देहरादून आने की बात भी कही थी। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

    रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। कार से युवक का मोबाइल फोन मिला है। उसकी जांच चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    यह भी पढ़ें- किराये के मकान में बीए की छात्रा का शव मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

    यह भी पढ़ें- इटावा में यमुना नदी में डूबे दो किशोर, एक का शव मिला दूसरे की तलाश जारी