पेड़ गिरे-सड़कें डूबीं: साहिबाबाद से वसुंधरा तक मानसून की आफत ने रोका रास्ता, क्या है प्रशासन की तैयारी?
वर्षा के कारण ट्रांस हिंडन क्षेत्र के वसुंधरा, वैशाली, इंदिरापुरम सहित कई इलाकों में गंभीर जलभराव हो गया है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी, गड्ढों ...और पढ़ें

यूपी गेट के पास एनएच- नौ पर भरा वर्षा का पानी। जागरण
HighLights
ट्रांस हिंडन के कई इलाकों में वर्षा से गंभीर जलभराव।
सड़कों पर गड्ढे और जाम से लोगों को भारी परेशानी।
नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था पर उठे सवाल।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। वर्षा से ट्रांस हिंडन के अलग-अलग क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई। वसुंधरा, वैशाली, इंदिरापुरम और कौशांबी समेत अन्य इलाकों में लोगों ने फिर से आफत झेली।
वैशाली में अलग-अलग सेक्टर में गलियों में जलभराव रहा। लोगों का आरोप है कि सड़कों में गड्ढे होने की वजह से हादसे का डर भी बना रहता है।
गलियों में सड़क बनवाने की मांग कई बार उठाई गई है। वसुंधरा से सीआइएसफ जाने वाले मार्ग पर पेड़ गिरने से आवागमन में लोगों को दिक्कत उठानी पड़ी।
इंदिरापुरम में काला पत्थर रोड पर जलभराव की स्थिति रही। इसके अलावा शक्तिखंड, न्यायखंड और ज्ञानखंड में भी सोसायटियों के बाहर सड़क पर जलभराव रहा।

साहिबाबाद, इंदिरापुर, वैशाली समेत सभी इलाकों में हुआ जलभराव
साहिबाबाद रेलवे अंडरपास, अर्थला अंडरपास में भी जलभराव रहा। जलभराव के कारण प्रमुख मार्ग पर सुबह के समय जाम की स्थिति भी बनी रही। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही वर्षा से जलभराव हो रहा है और नगर निगम की कार्यप्रणाली उजागर हो रही है।
वसुंधरा में सेक्टर-2, 3 और 11 में जलभराव हो गया। लोगों का आरोप है कि जल निकासी की व्यवस्था न होने से हर बार क्षेत्र में परेशानी उठानी पड़ती है। वैशाली के अलग-अगल सेक्टर की गलियों में पानी भरने से लोगों को मुसीबत उठानी पड़ गई।
स्थानीय निवासी अवधेश ने बताया कि गलियों में गड्ढे होने के चलते हादसे का डर बना रहा है। नालियों की सफाई न होने की वजह से उनमें भरा पानी भी सड़क पर बहता है।
इंदिरापुरम, वैशाली और कौशांबी में सीएम ग्रिड के तहत सड़कों का काम चल रहा है। अलग-अलग जगह खोदाई से गड्ढों में जलभराव हो गया। काला पत्थर रोड पर निर्माणाधीन जगह के पास पानी भर गया।
हिंडन बैराज अंडरपास के नीचे गड्ढे में पानी भर गया। इसके अलावा साहिबाबाद रेलवे अंडरपास के नीचे में भी जलभराव में वाहन रेंगते रहे। इसके अलावा यूपी गेट पर भी वाहनों की रफ्तार जलभराव के चलते धमी रही। खोड़ा में थाने के सामने भरे पानी में वाहन फंसे नजर आए।

पेड़ गिरने से रुका रास्ता
वसुंधरा रैपिड मेट्रो के पास वाले चौक से सीआइएसफ वाली रोड पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हो गया। स्थानीय निवासी भूपेंद्र सिंह राना ने इसकी शिकायत नगर निगम अधिकारियों से की है। उन्होंने बताया कि बुद्ध चौक से थोड़ा पहले पेड़ गिरा है और वाहनों का रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया है।
खबरें और भी
सुबह-शाम लगा जाम
वर्षा से शुक्रवार सुबह और शाम के समय कई प्रमुख मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही। कांवड़ यात्रा के चलते भी रूट डायवर्जन का असर यातायात पर दिख रहा है। जलभराव से जीटी रोड, वसुंधरा, इंदिरापुरम, यूपी गेट पर जाम की स्थिति बनी रही।
वर्षा के भरे जल को निकालने के लिए कुछ जगह पंप सेट लगवाए गए। नगर निगम के सभी जोन में कर्मचारियों को शिकायत मिलने पर तुरंत मौके पर पहुंचने के लिए कहा गया है। गलियों में पानी की निकासी के लिए लोगों से इनमें कूड़ा न डालने की अपील की गई है। जल्द ही नालियों को साफ कराया जाएगा।
- डॉ. मिथलेश कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम