गाजियाबाद में सिद्धार्थ विहार से होगी 'नो एंट्री', कांवड़ में भीषण जाम के चलते मेरठ तिराहे पर रूट बदला
गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा के कारण मेरठ रोड, जीटी रोड और न्यू लिंक रोड पर भारी जाम लगा। आज से सिद्धार्थ विहार से मेरठ तिराहे पर नो एंट्री और ईपीई पर ...और पढ़ें

गाजियाबाद में न्यू लिंक रोड और मेरठ तिराहे पर जाम के हालात। फोटो: जागरण
HighLights
कांवड़ यात्रा से मेरठ रोड, जीटी रोड पर भारी जाम
आज से सिद्धार्थ विहार से मेरठ तिराहे पर नो एंट्री
ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर दुहाई कट बंद रहेगा
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा से लागू डायवर्जन से वाहन चालक लगातार दूसरे दिन मंगलवार को बेहाल रहे। सुबह व शाम को व्यस्त समय में मेरठ रोड, जीटी रोड और न्यू लिंक रोड पर वाहनों की कतार लगी रही।
बुधवार से मेरठ तिराहे पर और सख्त होगा डायवर्जन
बुधवार से मेरठ तिराहे पर सिद्धार्थ विहार से भी आने वाला यातायात रोक दिया जाएगा। ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर भी दुहाई पर वाहन नहीं उतर पाएंगे। ऐसे वाहनों को डासना से गंतव्य को जाना होगा।
कांवड़ियों की संख्या में वृद्धि से यातायात पुलिस ने बुधवार से लागू होने वाले डायवर्जन को सोमवार से ही लागू कर दिया था। मेरठ रोड पर मेरठ से दिल्ली जाने वाली लेन कांवड़ियों के लिए सुरक्षित रखी गई है।
वन-वे व्यवस्था से न्यू लिंक रोड पर बढ़ा दबाव
वहीं मेरठ तिराहे से जीटी रोड होते हुए सीमापुरी बार्डर तक वन-वे व्यवस्था लागू होने से न्यू लिंक रोड पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया है। बुधवार से यातायात व्यवस्था और सख्त होगी। सिद्धार्थ विहार से मेरठ तिराहे की ओर किसी भी वाहन को प्रवेश नहीं मिलेगा।
इसके अलावा ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहन दुहाई कट पर नहीं उतर सकेंगे। ऐसे वाहनों को डासना कट से उतरकर एनएच-नौ के रास्ते अपने गंतव्य तक जाना होगा।
सात अगस्त से मेरठ रोड पर हल्के वाहनों की भी एंट्री बंद
यातायात पुलिस का कहना है कि इससे कांवड़ मार्ग पर वाहनों का दबाव कम होगा और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुरक्षित रहेगी। आगामी दिनों में डायवर्जन का दायरा और बढ़ेगा। सात अगस्त से मेरठ रोड पर हल्के वाहनों का भी प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।
उस दिन से केवल दोपहिया वाहनों को ही मेरठ रोड पर चलने की अनुमति होगी। इसी दिन सुबह आठ बजे से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भी सभी वाहनों की आवाजाही बंद कर दी जाएगी। दिल्ली से मेरठ जाने वाले वाहनों को डासना से एनएच-नौ और हापुड़ के रास्ते भेजा जाएगा।
खबरें और भी
कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी को देखते हुए चरणबद्ध तरीके से डायवर्जन लागू किया जा रहा है। मंगलवार को कुछ स्थानों पर यातायात का दबाव बढ़ा था, लेकिन पुलिसकर्मियों ने मौके पर रहकर व्यवस्था संभाली।
- त्रिगुण बिसेन, डीसीपी यातायात
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद के ट्रांस हिंडन में अंधेरे में डूबी सड़कें, स्ट्रीट लाइटें खराब होने से लोग परेशान
यह भी पढ़ें- 15 लाख में 'सुरक्षित जेल' की डील! गाजियाबाद के इनामी कातिल को फर्जी एनकाउंटर से बचाने वाले 2 दारोगा निलंबित