रक्षाबंधन पर गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस का अनोखा तोहफा, महिलाओं को बांटे 300 पिंक हेलमेट
गाजियाबाद यातायात पुलिस ने रक्षाबंधन पर दोपहिया सवार महिलाओं को 300 गुलाबी हेलमेट वितरित किए। यह पहल सड़क सुरक्षा के ...और पढ़ें

महिलाओं ने पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधी तो पुलिस ने भी उनकी सुरक्षा का संकल्प लेते हुए हेलमेट भेंट किए।
HighLights
यातायात पुलिस ने 300 गुलाबी हेलमेट वितरित किए।
रक्षाबंधन पर महिलाओं को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।
हापुड़ चुंगी चौराहे पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। रक्षाबंधन पर यातायात पुलिस ने दोपहिया सवार महिलाओं को सुरक्षा की सौगात दी। यातायात पुलिस की ओर से शहर में 300 पिंक हेलमेट वितरित किए गए। इस दौरान महिलाओं ने पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधी तो पुलिस ने भी उनकी सुरक्षा का संकल्प लेते हुए हेलमेट भेंट किए।
शहर के प्रमुख हापुड़ चुंगी चौराहे पर शुक्रवार सुबह आयोजित कार्यक्रम में यातायात पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोपहिया सवार महिलाओं को हेलमेट वितरित कर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। महिलाओं को समझाया गया कि दोपहिया वाहन पर सफर करते समय चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट उतना ही जरूरी है।
यातायात पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से आईएसआई मार्क वाला गुणवत्तापूर्ण हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। एडीसीपी ट्रैफिक वरुण कुमार सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह और सुरक्षा का पर्व है। इसी भावना को सड़क सुरक्षा से जोड़ते हुए यह पहल की गई है।
कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने यातायात पुलिस की पहल की सराहना की। पुलिस की ओर से यह संदेश भी दिया गया कि त्योहार की खुशी के साथ सड़क पर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। हेलमेट छोटी सी सावधानी है, लेकिन हादसे की स्थिति में जीवन बचाने में इसकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो सकती है।
