Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गाजियाबाद के ट्रांस हिंडन में बिजली-पानी संकट, लाखों लोग परेशान; प्रशासन के दावे फेल

    Updated: Wed, 05 Aug 2026 08:40 PM (IST)

    ट्रांस हिंडन, गाजियाबाद के लाखों लोग रोजाना बिजली कटौती, ट्रिपिंग और दूषित पानी की समस्या से जूझ रहे हैं, जिससे उनका मासिक खर्च भी बढ़ रहा है। ...और पढ़ें

    बिजली के तार में हुआ फॉल्ट।

    बिजली के तार में हुआ फॉल्ट।

    HighLights

    1. ट्रांस हिंडन में लाखों लोग बिजली-पानी की समस्या से त्रस्त।

    2. दूषित पानी की आपूर्ति और लंबी बिजली कटौती से बढ़ा खर्च।

    3. शिकायतों के बावजूद स्थायी समाधान न मिलने से लोग हताश।

    जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। ट्रांस हिंडन के लाखों लोग रोजाना बिजली कटौती, ट्रिपिंग और दूषित पानी की आपूर्ति से जूझते हैं। लोग स्थायी समाधान के लिए शिकायतें करते हैं, लेकिन वह भी आश्वासन तक ही सिमट कर रह जाती हैं।

    बुधवार को भी विभिन्न इलाकों में बिजली-पानी की समस्या रही। लोगों ने जलकल विभाग व विद्युत निगम के अधिकारियों से गुहार लगाई पर कोई हल नहीं निकला।

    वसुंधरा सेक्टर-तीन और पांच में सुबह गंदे पानी की आपूर्ति हुई। लोगों का कहना है कि इसमें सीवर का पानी मिलकर आ रहा था। नल खोलते ही पानी से बहुत ज्यादा दुर्गंध आ रही थी। स्थानीय निवासी अशोक भारद्वाज ने बताया कि आए दिन गंदे पानी की आपूर्ति की समस्या रहती है।

    शिकायत करते हैं तो आपूर्ति सामान्य बता दी जाती है। बिन पानी के बच्चों को स्कूल भेजने व नौकरी पर जाने में सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। वैशाली सेक्टर-तीन में भी सुबह में गंदे पानी की आपूर्ति हुई।

    यहां के करीब पांच हजार लोगों ने दुकान से पानी खरीदकर गुजारा किया। साथ ही सूर्या नगर में महज 10 से 15 मिनट ही पानी की आपूर्ति हुई। इससे लोग टंकियों में पानी स्टोर नहीं कर पाए।

    बिजली कटौती व दूषित पानी से बढ़ जाता है खर्चा

    दूषित पानी की आपूर्ति होने व बिजली कटौती के कारण लोगों का खर्चा भी हर माह बढ़ जाता है। दुकानों व प्लांटों से बोतलबंद पानी खरीदना पड़ता है। इसका सबसे ज्यादा लाभ अवैध रूप से संचालित प्लांटों के संचालक उठा रहे हैं।

    वह भी पानी की बोतल दो गुना कीमत पर बेच रहे हैं। वहीं, सोसायटी के लोगों को बिजली कटने पर जेनरेटर सेट से पावर आपूर्ति के एवज में तीन से चार गुना शुल्क देना पड़ रहा है।

    इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में तीन माह से लाइन क्षतिग्रस्त

    टीला मोड की इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में बीते तीन माह से पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त है। लोगों का कहना है कि इससे आसापास में जलभराव हो रहा है। साथ ही घरों में दूषित पानी आने की समस्या भी रहती है। शिकायत करने के बाद भी लाइन की मरम्मत नहीं की गई है।

    इन इलाकों में हुई बिजली कटौती

    क्षेत्र घंटे
    इंद्रप्रस्थ कॉलोनी 6:15
    राजेंद्र नगर सेक्टर-7 4:30 घंटे
    तुलसी निकेतन 4:30 घंटे
    भोपुरा 3:45 घंटे
    डिफेंस कॉलोनी 4:30 घंटे
    महाराजपुर 4:30 घंटे

    जिन इलाकों से दूषित पानी की आपूर्ति की शिकायतें आ रही हैं। वहां निरीक्षण कर स्थायी समाधान किया जा रहा है। लोगों को शुद्ध पेयजल मिले यही प्राथमिकता है।
    -केपी आनंद, महाप्रबंधक, जलकल विभाग।

    रोस्टर के अनुसार आपूर्ति की जा रही है। कुछ इलाकों में छोटे-छोटे फाल्ट होने से आपूर्ति प्रभावित होती है। उसका मेंटेनेंस कर तुरंत आपूर्ति सामान्य की जाती है।
    -अखिलेश सिंह, अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मंडल-द्वितीय।

     

    यह भी पढ़ें- 24 घंटे इंतजार के बाद मात्र 10 मिनट मिल रहा पानी, दिल्ली के दक्षिणपुरी इलाके में पेयजल संकट से लोग त्रस्त

    खबरें और भी