पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड बनाने की राह हुई आसान, सरकार ने जारी किया बड़ा अपडेट
प्रदेश सरकार ने पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया को सरल किया है। जल्द ही एक नया ऑनलाइन पोर्टल शुरू होगा। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड प्रक्रिया को सरल किया गया।
आवेदन की स्थिति जांचने के लिए ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध।
नए आवेदनों के लिए जल्द ही नया पोर्टल शुरू होगा।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। प्रदेश सरकार ने पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया को सरल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सूचना निदेशक विशाल सिंह ने बताया कि जिन पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड विभिन्न कारणों से अब तक नहीं बन सके हैं, वे अब ऑनलाइन अपना आवेदन का स्टेटस देख सकेंगे। वहीं, नए आवेदनों और लंबित मामलों के निस्तारण के लिए जल्द ही विशेष ऑनलाइन पोर्टल भी शुरू किया जाएगा।
सूचना निदेशक ने बताया कि जिन पत्रकारों ने आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन किया है, लेकिन अब तक कार्ड जारी नहीं हुआ है, वह पोर्टल पर अपने आवेदन की स्थिति जांच सकते हैं। यदि पोर्टल पर उनका नाम प्रदर्शित हो रहा है और किसी प्रकार के संशोधन की आवश्यकता है, तो संबंधित जनपद के मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) कार्यालय में संपर्क कर आवश्यक संशोधन कराया जा सकता है।
शीघ्र ही एक नया ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया जाएगा
जिन पत्रकारों ने अभी तक आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन नहीं किया है अथवा आवेदन के बावजूद उनका कार्ड नहीं बन पाया है, उनकी सुविधा के लिए शीघ्र ही एक नया ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया जाएगा। पोर्टल शुरू होने के बाद पत्रकार अपने जिले के जिला सूचना अधिकारी के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
सूचना निदेशक ने कहा कि पोर्टल के संचालन की सूचना उपलब्ध होते ही सभी जिलों को अवगत करा दिया जाएगा, ताकि पात्र पत्रकारों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ शीघ्र मिल सके।
यह भी पढ़ें- यूपी में कौशल विकास योजना का दूसरा फेस शुरू, 1 लाख युवाओं को AI की ट्रेनिंग दिलाएगी योगी सरकार