विनीत राय हत्याकांड: गाजीपुर में सातवीं गिरफ्तारी, मुख्य आरोपी शंकर पांडेय फरार
गाजीपुर में बहुचर्चित विनीत राय हत्याकांड में पुलिस ने एक और आरोपी अरविंद कुमार को गिरफ्तार किया है, जिससे कुल गिरफ्तारियों की संख्या सात हो गई है। ...और पढ़ें

HighLights
विनीत राय हत्याकांड में सातवां आरोपी गिरफ्तार।
मुख्य आरोपी शंकर पांडेय अभी भी फरार, इनाम घोषित।
फरार शंकर पांडेय की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। बहुचर्चित विनीत राय हत्याकांड में कोतवाली पुलिस ने प्रकाश में आए एक और आरोपित अरविंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही इस हत्याकांड में अब तक सात आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
हालांकि, मुख्य आरोपित कटरा गैंग का सरगना शंकर पांडेय समेत अन्य आरोपित अभी भी फरार हैं। शंकर पांडेय पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया जा चुका है और उसकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई भी शुरू हो चुकी है।
यह है पूरा मामला
29 मई की रात में शहर के बिंदू होटल संचालक आलोक राय के पुत्र विनीत राय की हत्या होटल के गेट पर गोली मारकर कर दी गई थी। घटना के संबंध में कोतवाली में मुकदमा मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान फुल्लनपुर निवासी अरविंद कुमार का नाम प्रकाश में आया था। तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को कोतवाली पुलिस ने अरविंद कुमार को महाराजगंज हाईवे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद आरोपित को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई। मामले में फरार अन्य आरोपितों की तलाश लगातार जारी है। उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
खबरें और भी
मुख्य आरोपित शंकर पांडेय की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार प्रयासरत हैं। उस पर घोषित इनाम के अलावा उसकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई भी न्यायालय के आदेश पर की जा रही है।
विनीत हत्याकांड में अब तक की कार्रवाई
विनीत राय हत्याकांड में पुलिस अब तक कई अहम कार्रवाई कर चुकी है। मामले में मुख्य आरोपित शंकर पांडेय के पिता रविशंकर पांडेय व दो सगे भाइयों सुमित पांडेय और सत्यप्रकाश पांडेय उर्फ मुनि को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
विवेचना के दौरान प्रकाश में आए शिवम दुबे, रहमान अली उर्फ गोल्डेन, सौरभ तिवारी और अब अरविंद कुमार को भी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
वहीं, हत्याकांड का एक लाख रुपये का इनामी आरोपित कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद तीन जून को पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। इसके बावजूद मामले का मुख्य आरोपित एवं कटरा गैंग का सरगना शंकर पांडेय अब भी फरार है।
यह भी पढ़ें- विनीत हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, कटरा गैंग सरगना शंकर पांडेय के दो भाई गिरफ्तार