भारत टेक्स-2026 में गूंजेगी गाजीपुर की पहचान, दुनिया देखेगी जूट वॉल हैंगिंग
गाजीपुर का ओडीओपी उत्पाद जूट वाल हैंगिंग भारत टेक्स-2026 में वैश्विक मंच पर प्रदर्शित होगा। यह आयोजन जिले के जूट उद्योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान और निर् ...और पढ़ें

भारत टेक्स-2026 में गूंजेगी गाजीपुर की पहचान। AI जेनरेटेड फोटो
HighLights
गाजीपुर की जूट वाल हैंगिंग भारत टेक्स-2026 में प्रदर्शित होगी।
निर्यातक मोहम्मद आबिद अली नेशनल जूट बोर्ड के बैनर तले पेश करेंगे।
स्थानीय कारीगरों को अंतरराष्ट्रीय पहचान और निर्यात के अवसर मिलेंगे।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। जनपद का ओडीओपी उत्पाद जूट वॉल हैंगिंग अब वैश्विक बाजार में अपनी अलग पहचान बनाने की ओर बढ़ रहा है। देश के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय वस्त्र एवं परिधान मेले भारत टेक्स-2026 में पहली बार जिले की जूट वाल हैंगिंग का प्रदर्शन होगा।
नई दिल्ली के भारत मंडपम (प्रगति मैदान) में 14 से 17 जुलाई तक आयोजित होने वाले इस मेगा आयोजन में जिले के निर्यातक मोहम्मद आबिद अली नेशनल जूट बोर्ड के बैनर तले जनपद के उत्पादों को दुनिया भर के खरीदारों के सामने पेश करेंगे।
वस्त्र मंत्रालय के सहयोग से आयोजित भारत टेक्स-2026 को भारत के कपड़ा, परिधान, तकनीकी वस्त्र, फाइबर, फैशन और सस्टेनेबिलिटी क्षेत्र का सबसे बड़ा वैश्विक व्यापार मंच माना जाता है।
आयोजन में 140 से अधिक देशों के करीब सात हजार अंतरराष्ट्रीय खरीदार, 3,500 से अधिक प्रदर्शक और 1.30 लाख से अधिक व्यापारिक आगंतुक भाग लेंगे। 16 लाख वर्गफुट से अधिक क्षेत्र में करीब 20 हजार प्रकार के वस्त्र एवं हस्तशिल्प उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा।
ऐसे प्रतिष्ठित मंच पर जनपद के ओडीओपी उत्पाद को स्थान मिलना जिले के जूट उद्योग के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे स्थानीय कारीगरों की कला को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलने के साथ निर्यात बढ़ाने के नए अवसर खुलेंगे।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षण संस्थानों में विदेशी छात्रों का बढ़ता रुझान, यूजी कोर्स बने पहली पसंद
उद्योग जगत का मानना है कि विदेशी खरीदारों से सीधे संपर्क और व्यापारिक बैठकों के जरिए नए निर्यात समझौते होने की संभावना भी बढ़ेगी। जिले में तैयार होने वाली जूट वाल हैंगिंग अपनी आकर्षक डिजाइन, हस्तनिर्मित गुणवत्ता और पर्यावरण अनुकूल स्वरूप के कारण पहले ही बाजार में अलग पहचान बना चुकी है।
भारत टेक्स-2026 में इसकी मौजूदगी न केवल जनपद के ओडीओपी अभियान को नई ऊंचाई देगी, बल्कि स्थानीय उद्यमियों और कारीगरों के लिए वैश्विक बाजार तक पहुंच का मजबूत रास्ता भी खोलेगी।
इसका चयन नेशनल जूट बोर्ड की ओर से किया गया है, इसमें जनपद की एक नई पहचान बनेगी। -लोकेंद्र कुमार, उद्योग। उपायुक्त