यूपी के इस शहर में घूम रहा है पागल कुत्ता, दो दिनों में 12 से अधिक लोगों को बनाया निशाना
गाजीपुर के सादात नगर और आसपास के इलाकों में एक पागल कुत्ते का आतंक है, जिसने दो दिनों में 12 से अधिक लोगों को काटा है। घायल लोग सामुदायिक स्वास्थ्य के ...और पढ़ें

HighLights
सादात नगर में पागल कुत्ते का आतंक
दो दिनों में 12 से अधिक लोग घायल
CHC में रेबीज इंजेक्शन उपलब्ध
जागरण संवाददाता, सादात (गाजीपुर)। स्थानीय नगर एवं इससे सटे ग्रामीण अंचलों में पिछले दो दिनों से एक पागल कुत्ते का आतंक बना हुआ है। इस दौरान कुत्ते के काटने से करीब 12 से अधिक घायल हो चुके हैं। पीड़ित लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर रेबीज का इंजेक्शन लगवा रहे हैं।
शनिवार को सीएचसी पर बड़ी संख्या में लोगों को एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाया गया। बताया जा रहा है कि उक्त पागल कुत्ता शुक्रवार की दोपहर से ही नगर में घूम-घूमकर लोगों को काट रहा है और शनिवार की दोपहर तक भी कई लोगों को घायल कर चुका था। बावजूद इसके, अब तक न तो प्रशासन और न ही पशुपालन विभाग द्वारा उसे पकड़ने या मारने की कोई ठोस कार्रवाई की गई है।
शुक्रवार की शाम नगर में कई लोगों को काटकर कुत्ता भाग निकला। रात में गलतफहमी के चलते ग्रामीणों ने दूसरे कुत्ते को मार दिया। शनिवार की सुबह थाना रोड पर कोचिंग जा रहे एक किशोर को उसी पागल कुत्ते ने काट लिया। कुछ देर बाद शिकारपुर रोड पर बाइक से जा रहे एक व्यक्ति के पैर में काट लिया।
इसके पूर्व शुक्रवार को वार्ड पांच निवासी आशीष जायसवाल, वार्ड चार निवासी सूर्यांश पटवा, वार्ड नौ निवासी रुदल सोनकर, वार्ड दो निवासी कैलाश सहित कई अन्य लोग घायल हो चुके हैं। सीएचसी चिकित्सक डा. पंकज कुमार सिंह ने बताया कि केंद्र पर रेबीज का इंजेक्शन उपलब्ध है। कुत्ता काटने की स्थिति में लापरवाही न बरतें और तत्काल सीएचसी पहुंचकर उपचार कराएं।