Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गाजीपुर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान हिस्ट्रीशीटर और उसका साथी गिरफ्तार, पहले से दर्ज है 35 मुकदमे

    Updated: Sun, 02 Aug 2026 03:34 PM (IST)

    गाजीपुर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान अंतरजनपदीय शातिर लुटेरे और हिस्ट्रीशीटर सुधीर पासी व उसके साथी समीम शाह को गिरफ्तार किया गया। दोनों ने पुलिस पर फाय ...और पढ़ें

    पुलिस मुठभेड़ में 35 मुकदमों वाला हिस्ट्रीशीटर और उसका साथी गिरफ्तार।

    पुलिस मुठभेड़ में 35 मुकदमों वाला हिस्ट्रीशीटर और उसका साथी गिरफ्तार।

    HighLights

    1. गाजीपुर पुलिस ने मुठभेड़ में दो शातिर लुटेरों को पकड़ा।

    2. हिस्ट्रीशीटर सुधीर पासी और साथी के पैर में लगी गोली।

    3. बदमाशों से चोरी, लूट का सामान और हथियार बरामद।

    जागरण संवाददाता, गाजीपुर। गहमर थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान अंतरजनपदीय शातिर लुटेरे और मरदह थाने के हिस्ट्रीशीटर सुधीर पासी उर्फ ध्रुव पासी तथा उसके साथी समीम शाह को गिरफ्तार कर लिया।

    पुलिस के अनुसार दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में नया मुकदमा दर्ज किया है।

    पुलिस के मुताबिक 29 जुलाई को नवली निवासी मेराज कुरैशी ने तहरीर देकर बताया था कि दो युवक बकरा बेचने के बहाने उसे और उसके भाई को बसुका-करहियां मार्ग पर ले गए। वहां तमंचे की बट से हमला कर 60 हजार रुपये और सोने की चेन लूट ली। हमले में उसका हाथ भी टूट गया था। इस मामले में गहमर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

    इसी दौरान गदाईपुर निवासी मैरिज हाल संचालक नवीन पांडेय ने भी शिकायत दर्ज कराई कि उसके मोबाइल पर फोन कर खुद को शंकर पांडेय कटरा गैंग का सदस्य बताने वाले बदमाश ने 20 हजार रुपये की रंगदारी मांगी और न देने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही थी।

    शनिवार देर रात प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी और कामाख्या धाम चौकी प्रभारी संजय कुमार यादव पुलिस टीम के साथ रेवतीपुर बार्डर पर वाहन चेकिंग कर रहे थे।

    मुखबिर की सूचना पर संदिग्धों की घेराबंदी की गई तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने बचाव करते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें हिस्ट्रीशीटर सुधीर पासी के दोनों पैरों तथा समीम शाह के एक पैर में गोली लगी। दोनों को मौके से गिरफ्तार कर जिला अस्पताल भेजा गया।

    खबरें और भी

    कई चोरी की घटनाओं का सामान बरामद

    पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों की निशानदेही पर गहमर, सादात, मरदह, कोतवाली, जंगीपुर के अलावा सुल्तानपुर के अखंडनगर और आजमगढ़ के जहानागंज थाना क्षेत्रों में हुई घटनाओं से संबंधित सामान बरामद हुआ है। सुधीर पासी पर विभिन्न थानों में लूट, चोरी, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं के 35 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि उसके साथी समीम शाह पर पांच मुकदमे दर्ज हैं। दोनों के विरुद्ध गहमर थाने में पुलिस पर फायरिंग और आर्म्स एक्ट के तहत भी नया मुकदमा दर्ज किया गया है।

    यह हुआ बरामद

    दो तमंचा, चार खोखा व दो कारतूस, चोरी की एक लाल रंग की हंटर मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन, एक पीली धातु का लाकेट, लूट के 90,620 रुपये नकद बरामद किया गया है।

    गहमर प्रभारी निरीक्षक और कामाख्या धाम चौकी इंचार्ज रेवतीपुर बार्डर के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बाइक से उक्त दोनों बदमाश आए। पुलिस ने इन्हें रोकने का प्रयास किया तो यह और तेज गाड़ी चलाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में दोनों बदमाश घायल हो गये, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इनके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। -अतुल सोनकर, एएसपी ग्रामीण।

    यह भी पढ़ें- कंट्रोल रूम से गूंजता रहा मैसेज; बैरियर तोड़ दौड़ती रही काली स्कार्पियो... न गाड़ी मिली न ही कोई सुराग