गाजीपुर में युवक की कनपटी पर गोली मारकर हत्या, नहर के किनारे मिला शव
गाजीपुर के करिमुल्लाहपुर गांव के पास नहर किनारे एक 25 वर्षीय युवक रोहित यादव का गोली लगा शव मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने अज्ञात के खिल ...और पढ़ें
-1785429650595_m.webp)
युवक की कनपटी पर गोली मारकर हत्या।
HighLights
गाजीपुर में 25 वर्षीय युवक रोहित यादव की हत्या।
करिमुल्लाहपुर गांव के पास नहर किनारे मिला शव।
पुलिस लेन-देन, रंजिश, प्रेम प्रसंग की जांच कर रही।
जागरण संवाददाता, शादियाबाद (गाजीपुर)। करिमुल्लाहपुर गांव के पास नहर के किनारे गुरुवार की सुबह 25 वर्षीय युवक का गोली लगा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की कनपटी पर सटाकर गोली मारी गई थी। मृतक की पहचान मऊ जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र के भुवनपुरा (फत्तेपुर) निवासी रोहित यादव के रूप में हुई।
वह बचपन से अपनी मां के साथ सादात थाना क्षेत्र के मरदापुर स्थित ननिहाल में रह रहा था और वर्तमान में वाराणसी में ट्रेडिंग का काम करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
गुरुवार सुबह खेतों में काम करने पहुंचे लोगों ने नहर किनारे कच्चे रास्ते पर खून से लथपथ शव पड़ा देखा। पुलिस ने पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन युवक की जेब से न तो मोबाइल मिला और न ही कोई पहचान पत्र।
इसी दौरान मौके पर जुटी भीड़ में मौजूद एक युवक ने इंस्टाग्राम पर फोटो देखकर उसकी पहचान का अंदाजा लगाया। इसके बाद मरदापुर निवासी उसके मामा मनोज यादव को सूचना दी गई और उन्होंने शव की पहचान रोहित के रूप में की। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
परिजनों के अनुसार रोहित ने पॉलिटेक्निक और बीटीसी की पढ़ाई की थी। तीन भाई-बहनों में सबसे छोटे रोहित का बड़ा भाई राहुल मरदापुर में रहकर खेती और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है, जबकि बड़ी बहन का विवाह हो चुका है। पिता राजेंद्र यादव मऊ जिले के पैतृक गांव में रहते हैं।
खबरें और भी
थानाध्यक्ष बागेश विक्रम सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस लेन-देन, पुरानी रंजिश, प्रेम प्रसंग सहित सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
कनपटी से सटाकर मारी गई गोली
प्राथमिक जांच में सामने आया कि रोहित की दाहिनी कनपटी पर सटाकर गोली मारी गई थी। गोली सिर के पीछे से निकल गई। घटनास्थल की स्थिति से संघर्ष के कोई निशान नहीं मिले। इससे आशंका है कि हमलावर ने बेहद करीब से अचानक गोली चलाई, जिससे रोहित को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
कई सवाल छोड़ गई वारदात
रोहित वाराणसी से कब और किसके साथ सादात क्षेत्र पहुंचा, यह जांच का अहम बिंदु है। जिस स्थान पर शव मिला, वह चारों ओर खेतों से घिरा सुनसान इलाका है। बरसात के मौसम में वहां का कच्चा रास्ता सामान्य आवागमन के लिए भी उपयुक्त नहीं माना जाता। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि रोहित वहां किसके बुलावे पर और किस उद्देश्य से पहुंचा।
परिचितों पर गहराया शक
घटनास्थल की परिस्थितियां इस ओर इशारा कर रही हैं कि रोहित संभवतः किसी परिचित के साथ वहां गया था। पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसका मोबाइल और अन्य सामान साथ ले जाया गया। कॉल डिटेल, लोकेशन और इंटरनेट मीडिया गतिविधियों के आधार पर पुलिस संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।