विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजीपुर में रेबीज संक्रमित गाय का आतंक, छात्रा समेत पांच को किया घायल, कुछ ही देर बाद हो गई मौत

Published: Wed, 29 Jul 2026 09:57 PM (GMT+05:30)

गाजीपुर के सैदपुर में रेबीज संक्रमित एक गर्भवती गाय ने पांच लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया, जिनमें से चार को जिला अस्पताल रेफर किया गया।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. रेबीज संक्रमित गाय ने पांच लोगों को घायल किया।

  2. चार घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।

  3. हमले के कुछ देर बाद गाय की मौत हुई।

जागरण संवाददाता, गाजीपुर। सैदपुर में रेबीज से संक्रमित एक गर्भवती बेसहारा गाय के बेकाबू होने से करीब एक घंटे तक खलबली मच गई। वार्ड-छह, वार्ड-14 और वार्ड- 5 में दौड़ती गाय ने पांच लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।

गंभीर रूप से घायल चार लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां दो की हालत चिंताजनक बनी हुई है। बुधवार सुबह एक छात्रा को घायल करने के कुछ देर बाद गाय की भी मौत हो गई।

यह है पूरी घटना

बताया जा रहा है कि उक्त गाय को कुछ दिन पहले एक पागल कुत्ते ने काट लिया था, जिससे वह रेबीज से संक्रमित हो गई। मंगलवार की रात अचानक उसका व्यवहार आक्रामक हो गया और वह रास्ते में मिलने वाले लोगों पर हमला करने लगी।

सबसे पहले वार्ड-छह की निषाद बस्ती में उसने दरोगा साहनी और सुमन निषाद को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद वार्ड-14 में बीनू देवी तथा वार्ड- 5 में फरजाना पर हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया।

बुधवार सुबह वार्ड- 5 की चौहान बस्ती में स्कूल जाने की तैयारी कर रही सुनिधि चौहान भी गाय के हमले में घायल हो गई। लगातार हो रहे हमलों से नगर में दहशत फैल गई। लोग घरों में दुबक गए और बच्चों को बाहर निकलने से रोक दिया।

चार घायल जिला अस्पताल रेफर

सूचना पर पहुंची पुलिस व स्थानीय लोगों ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां से चार को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार दो घायलों की हालत गंभीर है।

उधर, छात्रा पर हमला करने के कुछ देर बाद गाय अचानक गिर पड़ी और तड़पते हुए उसकी मौत हो गई। घटना के बाद लोगों ने प्रशासन से आवारा एवं रेबीज संक्रमित पशुओं की समय रहते पहचान कर उन्हें सुरक्षित तरीके से पकड़ने और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- गाय को कुत्ते ने काटा, दूध पीने वाले परिवार के 9 सदस्यों में रेबीज का डर; सभी अस्पताल पहुंचे

यह भी पढ़ें- बंदर के काटने के 20 साल बाद रेबीज का असर, पानी पीते ही अजीब हरकतें कर रहा मरीज, डॉक्टरों ने खड़े किए हाथ

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।