Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    UP Board Exam 2026: एक वर्ष तक सुरक्षित रखी जाएंगी प्रैक्टिकल एग्जाम की कॉपियां, ऑनलाइन अपलोड होंगे अंक

    Updated: Sun, 01 Feb 2026 03:11 PM (GMT+05:30)

    यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट प्रयोगात्मक परीक्षाओं में पारदर्शिता हेतु कड़े प्रबंध किए गए हैं। मूल्यांकन के बाद कॉपियां एक वर्ष तक सुरक्षित रहे ...और पढ़ें

    एक वर्ष तक सुरक्षित रखी जाएंगी प्रयोगात्मक परीक्षा की कॉपियां।

    एक वर्ष तक सुरक्षित रखी जाएंगी प्रयोगात्मक परीक्षा की कॉपियां।

    HighLights

    1. प्रयोगात्मक परीक्षाओं की कॉपियां एक वर्ष तक सुरक्षित रखी जाएंगी।

    2. परीक्षक मोबाइल ऐप से 200 मीटर के दायरे में अंक अपलोड करेंगे।

    3. नैतिक शिक्षा, योग व खेल के अंक भी ऑनलाइन दर्ज होंगे।

    जागरण संवाददाता, गाजीपुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाओं को इस वर्ष पूरी तरह पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए कड़े प्रबंध किए गए हैं। बोर्ड के निर्देश पर मूल्यांकन के बाद प्रयोगात्मक परीक्षाओं की कापियां एक वर्ष तक सुरक्षित रखी जाएंगी। इससे किसी भी तरह की शिकायत या जांच की स्थिति में साक्ष्य उपलब्ध रहेंगे और परीक्षा प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनी रहेगी।

    जिले के लगभग 442 माध्यमिक विद्यालयों में दो से नौ फरवरी तक प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराई जाएंगी। परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड द्वारा निर्धारित बाह्य परीक्षक नियुक्त किए गए हैं, जिनकी निगरानी में परीक्षाएं संपन्न कराई जाएंगी।

    इस बार परीक्षकों के लिए मोबाइल एप के माध्यम से अंक ऑनलाइन दर्ज करना अनिवार्य किया गया है। विशेष बात यह है कि परीक्षक परीक्षा केंद्र से 200 मीटर के दायरे में रहकर ही अंक अपलोड कर सकेंगे, जिससे किसी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना कम हो सके।

    इसके साथ ही नैतिक शिक्षा, योग एवं खेल जैसे विषयों के अंक भी यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर सीधे आनलाइन दर्ज किए जा रहे हैं। इससे न केवल समय की बचत हो रही है, बल्कि पूरी प्रक्रिया डिजिटल होने से पारदर्शिता भी बढ़ी है।

    शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य छात्रों के हितों की रक्षा करना और निष्पक्ष मूल्यांकन सुनिश्चित करना है। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह ने बताया कि सभी केंद्रों को बोर्ड के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

    खबरें और भी

    किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नई व्यवस्था से प्रयोगात्मक परीक्षा प्रणाली में भरोसा बढ़ा है और विद्यार्थियों को भी निष्पक्ष परिणाम की उम्मीद बंधी है।

    यह भी पढ़ें- UP Board Exams में बड़ा बदलाव: अब परीक्षार्थियों को नहीं उतारने होंगे जूते-मोजे, नई SOP जारी