देवीपाटन मंडल में बच्चों की निखरेगी प्रतिभा, चारों जिलों की 8 नगर पालिकाओं में सुधारे जाएंगे पार्क
देवीपाटन मंडल में बच्चों को मुहल्ले में ही खेलने की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 'मिशन पार्क' अभियान शुरू किया जाएगा। ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, गोंडा। बच्चों को मुहल्ले में ही खेलने की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए देवीपाटन मंडल में मिशन पार्क अभियान शुरू किया जाएगा। दैनिक जागरण के खेलना जरूरी है अभियान का संज्ञान लेकर आयुक्त देवीपाटन मंडल दुर्गा शक्ति नागपाल ने मिशन पार्क अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है।
वह इससे पहले लखीमपुर खीरी जिले में बतौर जिलाधिकारी मिशन मैदान अभियान चला चुकी हैं। उनका माडल प्रदेश में सराहा गया था। मिशन पार्क अभियान पहले चरण में देवीपाटन मंडल के गोंडा, बलरामपुर, बहाराइच व श्रावस्ती जिले की आठ नगर पालिका परिषद में चलेगा।
संबंधित अधिकारी वार्डवार पार्कों का सर्वे करके वास्तविक स्थिति का पता लगाएंगे, इसके बाद प्रत्येक वार्ड में एक-एक पार्क को माडल के रूप में विकसित किया जाएगा। निगरानी की जिम्मेदारी अपर आयुक्त को सौंपी गई है।
खेलकूद बच्चों के विकास के लिए अति आवश्यक है, लेकिन हकीकत यह है कि पार्क सिर्फ कागजों में हैं। संसाधन की कमी के साथ ही पार्क बदहाली के शिकार हैं। जिस पार्क की स्थिति थोड़ी ठीक है, वहां ताला बंद रहता है।

ग्रामीण क्षेत्र में पार्क तो दूर खेल मैदान तक नही हैं। किसी जगह खेल मैदान में घास उगी हुई है तो किसी जगह कब्जा है। बच्चों की गलियों व सड़क पर खेलना पड़ रहा है। बुजुर्गों के सुकून से बैठने के भी इंतजाम नहीं हैं। दैनिक जागरण ने 27 जुलाई से खेलना जरूरी है अभियान शुरू किया था, इसके तहत पार्क, खेल मैदान, स्टेडियम के स्थिति व खिलाड़ियों से बातचीत की रिपोर्ट प्रकाशित की गई थी।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- गोंडा में तारकोल ड्रम चोरी का पर्दाफाश, पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
क्या है मॉडल
मिशन पार्क के तहत चारों जिलों की नगर पालिका परिषद में वार्डवार पार्कों का सर्वे किया जाएगा। पहले चरण में पार्क की साफ-सफाई कराई जाएगी। यदि किसी पार्क पर अतिक्रमण है तो उसे खाली कराया जाएगा। पार्कों की नियमित सफाई के साथ ही सुरक्षा के भी इंतजाम किए जाएंगे। प्रत्येक वार्ड में कम से कम एक पार्क में ओपेन जिम, बैठने के लिए बेंच व शोभाकार पौधे लगाए जाएंगे।
- 16 तहसील
- 44 विकासखंड
- 08 नगर पालिका परिषद
- 17 नगर पंचायत
- 3423 ग्राम पंचायत
बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेलना जरूरी है। दैनिक जागरण की पहल सराहनीय है। देवीपाटन मंडल के चारों जिलों में पहले चरण में नगर पालिका परिषद के पार्कों की स्थिति को सुधारा जाएगा, इसके लिए रिपोर्ट मांगी गई है।
दुर्गा शक्ति नागपाल, आयुक्त देवीपाटन मंडल