खुशखबरी! जल्द ही गोंडा में इन दो ट्रेनों का होगा स्टॉपेज, रेल मंत्रालय ने दी मंजूरी
सांसद करणभूषण सिंह के विशेष प्रयासों से गोंडा के जरवल रोड और कर्नलगंज रेलवे स्टेशनों पर दो प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव मंजूर हुआ है। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
सांसद करणभूषण सिंह के विशेष प्रयासों से मिली मंजूरी।
जरवल रोड पर शहीद एक्सप्रेस, कर्नलगंज पर आम्रपाली एक्सप्रेस रुकेगी।
स्थानीय यात्रियों, व्यापारियों, श्रमिकों को मिलेगी बड़ी राहत।
संवाद सूत्र, गोंडा। सांसद करणभूषण सिंह के विशेष प्रयासों के बाद रेल मंत्रालय ने दो प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी दी है।
अब जरवल रोड रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 14673/14674 जयनगर-अमृतसर शहीद एक्सप्रेस का ठहराव होगा। वहीं, कर्नलगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 15707/15708 कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस (आम्रपाली एक्सप्रेस) को रोकने की स्वीकृति दे दी गई है।
सांसद ने रेल मंत्री से की थी मुलाकात
रेल मंत्रालय की ओर से गुरुवार को इसकी आधिकारिक सूचना सांसद को भेज दी गई है। जनभावनाओं को देखते हुए सांसद करणभूषण सिंह ने गत मार्च में रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर एक पत्र सौंपा था।
उन्होंने रेलमंत्री को अवगत कराया था कि इन ट्रेनों का ठहराव न होने के कारण स्थानीय यात्रियों को पंजाब, बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों की लंबी दूरी की यात्रा करने में भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
रेलमंत्री ने सांसद के इस जनहित से जुड़े अनुरोध को स्वीकार करते हुए तुरंत ठहराव की मंजूरी प्रदान कर दी। इस निर्णय से कर्नलगंज और जरवल रोड के व्यापारिक वर्ग, श्रमिकों और आम यात्रियों को अब बड़े स्टेशनों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।