गोंडा में ताला तोड़ दोबारा चला रहे थे अल्ट्रासाउंड सेंटर, सीएमओ की टीम ने फिर किया सीज
गोंडा में ऊषा अल्ट्रासाउंड सेंटर को स्वास्थ्य विभाग ने दूसरी बार सील किया। यह सेंटर बिना पंजीकरण के संचालित हो रहा था और पहले सील तोड़ने के बाद फिर से ...और पढ़ें

अल्ट्रासाउंड सेंटर को सीएमओ की टीम ने फिर किया सीज। AI जेनरेटेड फोटो
HighLights
बेलसर में ऊषा अल्ट्रासाउंड सेंटर दूसरी बार सील।
बिना पंजीकरण संचालित, डेढ़ साल पहले भी हुआ था सीज।
संचालक स्टाफ मौके से फरार, पुलिस की मौजूदगी में सील।
संवाद सूत्र, बेलसर (गोंडा)। ब्लॉक मुख्यालय के सामने बिना पंजीकरण संचालित हो रहे ऊषा अल्ट्रासाउंड सेंटर पर स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को दूसरी बार बड़ी कार्रवाई की। सीएमओ डा संतलाल पटेल और एसीएमओ डा आदित्य वर्मा के नेतृत्व में दोपहर करीब 12 बजे टीम ने औचक छापा मारा।
टीम के पहुंचते ही संचालक शिवम मिश्रा सहित पूरा स्टाफ मौके से फरार हो गया। इसके बाद तरबगंज पुलिस को बुलाया गया। और पुलिस की मौजूदगी में सेंटर पर ताला लगाकर दोबारा सीज कर दिया गया।
एसीएमओ डॉ. आदित्य वर्मा ने बताया कि इसी अल्ट्रासाउंड सेंटर को करीब डेढ़ वर्ष पूर्व तहसील प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई में बिना पंजीकरण संचालित पाए जाने पर सीज किया गया था। मामले में परिवाद भी दाखिल किया गया था। इसके बावजूद आरोपितों ने सील तोड़कर सेंटर का दोबारा संचालन शुरू कर दिया, जो गंभीर उल्लंघन है।
उन्होंने बताया कि पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी तथा उनकी अनुमति और विधिक राय के आधार पर आगे की कठोर कार्रवाई की जाएगी। दूसरी बार हुई इस कार्रवाई के बाद बाजार में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई को लेकर लोगों में चर्चा का माहौल बना हुआ है।