Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोरखपुर जोन के नए ADG रामकुमार ने बताई अपनी प्राथमिकताएं, 'बॉर्डर से तस्करी रुकेगी... अपराधियों पर शिकंजा कसेगा'

    Updated: Wed, 05 Aug 2026 09:04 AM (IST)

    नवागत एडीजी गोरखपुर जोन रामकुमार ने जनसुनवाई से कार्यभार संभाला और कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण व जन शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण को अपनी सर्वोच्च प ...और पढ़ें

    नवागत एडीजी जोन रामकुमार। जागरण

    नवागत एडीजी जोन रामकुमार। जागरण

    HighLights

    1. कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

    2. सीमा पार तस्करी, जाली नोट नेटवर्क पर कार्रवाई।

    3. पुलिस जवाबदेही सुनिश्चित, अपराधियों पर सख्त शिकंजा।

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। नवागत अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) गोरखपुर जोन रामकुमार ने मंगलवार को अपने पहले कार्यदिवस की शुरुआत जनसुनवाई से की। फरियादियों की समस्याएं सुनने के बाद उन्होंने पुलिस कार्यालय का निरीक्षण किया और अधिकारियों-कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। वर्ष 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी रामकुमार मूल रूप से आगरा के निवासी हैं।

    उन्होंने आइआइटी कानपुर से शिक्षा प्राप्त की है। गोरखपुर में वह सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) तथा कुशीनगर समेत 14 जिलों में पुलिस अधीक्षक भी रह चुके हैं। इसके अलावा वाराणसी जोन के एडीजी, एसटीएफ और एटीएस जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। जागरण से बातचीत में उन्होंने कानून-व्यवस्था, सीमा पार तस्करी, जाली नोट गिरोह, संगठित अपराध और पुलिस की जवाबदेही को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं।

    प्रश्न : गोरखपुर जोन में आपकी पहली प्राथमिकता क्या होगी?
    उत्तर : कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराध नियंत्रण और जनता की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। पुलिस का व्यवहार जनोन्मुख होगा। सम्मानित नागरिकों को पूरा सम्मान मिलेगा और अपराधियों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कठोर कार्रवाई होगी।

    प्रश्न: नेपाल सीमा से होने वाली तस्करी को कैसे रोकेंगे?
    उत्तर: गोरखपुर जोन सीमा से जुड़ा संवेदनशील क्षेत्र है। शराब, पशु तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विस्तृत एक्शन प्लान बनाया जाएगा। इसमें एसएसबी, स्थानीय पुलिस, ग्राम समितियों और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा। तस्करों के पूरे नेटवर्क को तोड़ना हमारी प्राथमिकता होगी।

    प्रश्न : जाली नोटों के नेटवर्क पर क्या रणनीति होगी?
    उत्तर : जाली नोटों का नेटवर्क राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा विषय है। इस पर राज्य सरकार और विदेश मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई होगी। विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की रणनीति तैयार की जाएगी।

    प्रश्न : दूसरे राज्यों के अपराधियों की शरणस्थली बनने की शिकायतें मिलती रही हैं।
    उत्तर: यदि किसी अन्य राज्य या जिले का अपराधी गोरखपुर जोन के किसी जिले में शरण लिए हुए पाया जाता है तो उसके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। ''यक्ष'' एप समेत उपलब्ध तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर अपराधियों की ट्रैकिंग की जाएगी।

    यह भी पढ़ें- लोन का लालच और 60 लाख की ठगी, गोरखपुर में बाप-बेटी की 'ठग जोड़ी' ने रेलवे कर्मचारी को लगाया चूना 


    प्रश्न : पुलिसकर्मियों की जवाबदेही को लेकर क्या संदेश है?
    उत्तर: वर्दी पहनने वाला कोई भी पुलिसकर्मी यदि किसी अपराध या भ्रष्टाचार में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होगी। किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता या आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित को जोन के किसी जिले में रहने नहीं दिया जाएगा।