गोरखपुर में दीपावली पर इस बार आतिशबाजी से चमकेगा बाजार, 200 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद
पटाखा कारोबार में इस तेजी के पीछे बाजार का बढ़ता दायरा और कारोबारियों के बीच प्रतिस्पर्धा प्रमुख वजह मानी जा ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
दो साल में दोगुणा हुआ दीपावली पर आतिशबाजी का बाजार
शहर में 500 से अधिक दुकानों तक पहुंचा कारोबार का दायरा
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। दीपावली की खुशियों के साथ आतिशबाजी का बाजार भी हर साल नए मुकाम पर पहुंच रहा है। कभी करीब 100 करोड़ रुपये तक सीमित रहने वाला पटाखों का कारोबार अब 200 करोड़ रुपये के आंकड़े तक पहुंचने का अनुमान है। बीते कुछ वर्षों में बाजार का यह विस्तार केवल बिक्री में बढ़ोतरी तक सीमित नहीं है, बल्कि दुकानों की संख्या और कारोबारियों की तैयारी के साथ ही आनलाइन पटाखों की बिक्री में भी इसका असर दिखा है।
वर्ष 2022 में जहां शहर में करीब 422 अस्थायी दुकानें लगाई गई थीं, वहीं 2024 में इनकी संख्या बढ़कर 500 से अधिक हो गई थी। इन दुकानों के जरिए इस बार करीब 200 करोड़ रुपये के कारोबार की संभावना जताई जा रही है।
पटाखा कारोबार में इस तेजी के पीछे बाजार का बढ़ता दायरा और कारोबारियों के बीच प्रतिस्पर्धा प्रमुख वजह मानी जा रही है। ग्राहकों को आकर्षित करने और मांग के अनुरूप आपूर्ति बनाए रखने के लिए व्यापारी भी बड़े पैमाने पर पटाखों का स्टाक रखते हैं। अलग-अलग रेंज और तरह-तरह की आतिशबाजी उपलब्ध कराने की होड़ ने भी बाजार को विस्तार दिया है।
दीपावली पर पटाखों की खरीदारी में परंपरागत आतिशबाजी के साथ नए उत्पादों की भी मांग रहती है। हालांकि, कारोबार के बढ़ते आकार के साथ सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण की चुनौती भी जुड़ी है। पटाखों की अस्थायी दुकानों के लिए प्रशासन की ओर से लाइसेंस जारी करने में सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य किया जाता है। दुकानों के बीच निर्धारित दूरी, अग्निशमन व्यवस्था और अन्य सुरक्षा इंतजामों पर विशेष ध्यान दिया जाता है। प्रदूषण नियंत्रण को लेकर भी प्रशासन की ओर से समय-समय पर दिशा-निर्देश जारी किए जाते हैं।
यह भी पढ़ें- दीपावली पर गोरखपुर की इन बेटियों का कमाल, पिता के हुनर को दे रहीं नया आयाम
घर बैठे आनलाइन मंगा रहे पटाखा
दीपावली पर पटाखों की खरीदारी का तरीका भी बदल रहा है। अब लोग बाजार की दुकानों पर जाने के बजाय घर बैठे ही आनलाइन पटाखे मंगा रहे हैं। इंटरनेट मीडिया और विभिन्न आनलाइन प्लेटफार्मों पर पटाखों के आकर्षक पैकेज और उनकी कीमतों की जानकारी साझा की जा रही है। युवा वर्ग खासतौर पर इस माध्यम से खरीदारी में रुचि दिखा रहा है।
युवा इन तस्वीरों और कैटलाग के जरिए अपनी पसंद के पटाखे चुन रहे हैं। इसके बाद विक्रेताओं से फोन या मैसेज पर संपर्क कर उपलब्धता और कीमत की जानकारी लेते हैं। कई लोग घर तक आपूर्ति की सुविधा भी तलाश रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।