गोरखपुर रामगढ़ताल हादसा: नीली बत्तियों की चमक में चटख हुआ लापरवाही का अंधेरा
गोरखपुर के रामगढ़ताल में नाव हादसे के बाद अधिकारियों के पहुंचने पर पुलिस की घोर लापरवाही उजागर हुई। घटनास्थल पर कोई पुलिसकर्मी नहीं था और घायलों की सं ...और पढ़ें

सूचना के बाद घटनास्थल की ओर दौड़े पुलिस-प्रशासन के अधिकारी। जागरण
HighLights
हादसे के वक्त जेटी पर कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था।
घायलों और रेस्क्यू ऑपरेशन की सटीक जानकारी नहीं मिल पाई।
डीएम ने नाव चालकों को खोजकर यात्रियों की संख्या जानने को कहा।
आशुतोष मिश्र, गोरखपुर। बोट हादसे के डेढ़ घंटे बाद जिलाधिकारी, जीडीए वीसी, एसपी सिटी की गाड़ियां नौकायन पहुंचीं। पुलिस-प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल की ओर बढ़े, तो नीली बत्तियों की चमक में लापरवाही का चटख अंधेरा सामने दिखा।
घटना की जानकारी लेने पहुंचे डीएम दीपक मीणा ने पुलिस कर्मियों से पूछा तो पता चला कि हादसे के वक्त मौके पर कोई वहां मौजूद नहीं था। पूछने पर पता चला कि कोई खाने गया था, तो किसी को आने में देर हुई।
घायलों की संख्या के बारे में डीएम को सटीक जानकारी वहां मौजूद पुलिसकर्मी नहीं दे सके। सीओ कैंट आभा सिंह जिलाधिकारी को जानकारी दे रही थीं। उन्होंने पहले बताया कि दोनों बोट के चालक हादसे के बाद फोन बंद कर भाग गए। इसी बीच उन्हें जिला अस्पताल में मौजूद चौकी इंचार्ज से जानकारी मिली कि एक चालक अस्पताल में है। जिलाधिकारी ने रेस्क्यू आपरेशन की जानकारी मांगी, सटीक उत्तर न मिलने पर चेताया कि तसल्ली कर ली जाए कि कोई व्यक्ति डूबा तो नहीं है।
इसके लिए दोनों चालकों को खोजकर यह पता करने को कहा कि दोनों बोट पर कितने लोग सवार थे। जिलाधिकारी को घायलों की संख्या की सटीक जानकारी भी पुलिस टीम नहीं दे सकी। यह पता चला कि घायल जिला अस्पताल में हैं। इस पर जिलाधिकारी ने घायलों का उचित उपचार सुनिश्चित करने के लिए एक मजिस्ट्रेट को जिला अस्पताल जाने का निर्देश दिया।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर रामगढ़ताल हादसा: जिला अस्पताल की इमरजेंसी में बिखरी रही अव्यवस्था, अपनों को तलाशते रहे स्वजन
अभी डीएम, जीडीए वीसी और एसपी सिटी घटनास्थल का निरीक्षण कर निकल ही रहे थे कि 10:45 बजे कमिश्नर और डीआइजी भी पहुंच गए। अफसरों ने पुन: घटनास्थल को देखा। कमिश्नर ने घटना की जानकारी ली। आला अफसरों की इस सजगता के बीच लापरवाही का वह अंधेरा साफ दिखा, जिसमें जिम्मेदार सुरक्षाकर्मी ड्यूटी से गायब थे। जिस जेटी पर हजारों पर्यटकों की भीड़ जमा होती है, वहां घटना के समय किसी पुलिसकर्मी का उपस्थित न होना जन सुरक्षा के प्रति संजीदगी को लेकर बड़ा सवाल छोड़ गया।