Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोरखपुर में बनेगा एडवांस कैंसर टर्शरी सेंटर, मरीजों को मिलेगी रोबोटिक सर्जरी की सुविधा

    Updated: Sun, 12 Jul 2026 07:47 PM (IST)

    गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में 140 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक टर्शरी कैंसर सेंटर बनेगा। यह केंद्र रोबोटिक सर्जरी और समग्र कैंसर उपचार सुविध ...और पढ़ें

    नेहरू अस्पताल के सामने बनेगा अत्याधुनिक कैंसर टर्शरी सेंटर।

    नेहरू अस्पताल के सामने बनेगा अत्याधुनिक कैंसर टर्शरी सेंटर।

    HighLights

    1. बीआरडी मेडिकल कॉलेज में टर्शरी कैंसर सेंटर का निर्माण।

    2. 140 करोड़ की लागत से 14 हजार वर्गफीट में बनेगा।

    3. रोबोटिक सर्जरी सहित समग्र कैंसर उपचार उपलब्ध होगा।

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज परिसर में कैंसर के रोगियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस टर्शरी कैंसर सेंटर बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। यह केंद्र नेहरू अस्पताल के सामने स्थित वर्तमान गैराज वाली जगह पर स्थापित किया जाएगा। इसके लिए लगभग 14 हजार वर्ग फीट भूमि चिह्नित कर ली गई है। परियोजना के निर्माण के लिए करीब 140 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

    इसके अलावा कृत्रिम प्रजनन केंद्र (आवीएफ), मल्टीलेबल पार्किंग, मेडिसिन विभाग का चार सौ बेड का अलग भवन, पैरामेडिकल कॉलेज व एक और कैथ लैब का निर्माण प्रस्ताव में शामिल किया गया है। इन सबके लिए लगभग पांच सौ करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।

    प्रस्तावित टर्शरी कैंसर सेंटर आधुनिक चिकित्सा तकनीकों से सुसज्जित होगा। यहां कैंसर के निदान और उपचार के लिए नवीनतम उपकरण लगाए जाएंगे। विशेष रूप से जटिल सर्जरी के लिए रोबोटिक तकनीक की भी व्यवस्था की जाएगी, जिससे मरीजों को अधिक सटीक, सुरक्षित और कम जटिलताओं वाली सर्जरी का लाभ मिल सकेगा।

    केंद्र में मेडिकल आंकोलॉजी, सर्जिकल आंकोलॉजी और रेडिएशन थेरेपी की समग्र सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इससे कैंसर मरीजों को एक ही परिसर में जांच, कीमोथेरेपी, रेडियोथेरेपी और शल्य चिकित्सा जैसी सभी प्रमुख सेवाएं मिल सकेंगी। मरीजों को उपचार के लिए अलग-अलग संस्थानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, जिससे समय और आर्थिक बोझ दोनों कम होंगे।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- सीएम योगी से मिलने के लिए दो बेटियों संग 100 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ी महिला, गोरखपुर में मचा हड़कंप

    वर्तमान में पूर्वांचल के अधिकांश गंभीर कैंसर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए लखनऊ, दिल्ली, मुंबई जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। लंबी दूरी तय करने, अधिक खर्च और समय की वजह से कई मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नए टर्शरी सेंटर के शुरू होने के बाद गोरखपुर और आसपास के जिलों के अलावा बिहार तथा नेपाल से आने वाले मरीजों को भी अत्याधुनिक उपचार उपलब्ध हो सकेगा।

    शासन से स्वीकृति मिलते ही निर्माण प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। अत्याधुनिक उपकरणों और विशेषज्ञ चिकित्सकों से लैस यह टर्शरी कैंसर सेंटर पूर्वी उत्तर प्रदेश में कैंसर उपचार का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इसके शुरू होने से क्षेत्र के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा और गंभीर बीमारियों के उपनचार के लिए महानगरों पर निर्भरता भी कम होगी। -डॉ. धर्मेंद्र कुमार, प्राचार्य बीआरडी मेडिकल कॉलेज।