गोरखपुर में सीएम ग्रिड योजना से तीन और सड़कें बनेंगी स्मार्ट, सुधरेगी शहर की कनेक्टिविटी
गोरखपुर में सीएम ग्रिड योजना के तहत तीन नई स्मार्ट सड़कें बनेंगी, जिससे शहर का यातायात नेटवर्क बेहतर होगा। नगर आयुक्त ने इन प्रस्तावित सड़कों का स्थली ...और पढ़ें

नगर आयुक्त ने किया स्थलीय निरीक्षण, शहर को मिलेगा बेहतर और तेज यातायात नेटवर्क। जागरण
HighLights
सीएम ग्रिड योजना से गोरखपुर में तीन नई सड़कें।
मेडिकल कॉलेज, अस्पतालों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत।
नगर आयुक्त ने डीपीआर बनाने के दिए निर्देश।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। सीएम ग्रिड योजना से शहर की तीन और सड़कें स्मार्ट बनेंगी। शहर में सड़क नेटवर्क को और मजबूत बनाने की लिए नगर निगम ने फेज-4 की तैयारी शुरू कर दी है। ये सड़कें शहर के तेजी से विकसित हो रहे आवासीय, शैक्षणिक और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े क्षेत्रों को बेहतर संपर्क प्रदान करेंगी। शनिवार को नगर आयुक्त ने प्रस्तावित तीनों सड़कों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को इनकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए।
सीएम ग्रिड फेज-4 के तहत बनने वाली सड़कें केवल नए मार्ग नहीं होंगी, बल्कि शहर के विभिन्न हिस्सों में यातायात का दबाव कम करने और लोगों को वैकल्पिक आवागमन की सुविधा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इन मार्गों के विकसित होने से मेडिकल कालेज, प्रमुख अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और राष्ट्रीय राजमार्ग तक पहुंच पहले की तुलना में अधिक आसान और तेज होगी।
इससे रोजाना हजारों लोगों को समय की बचत के साथ सुरक्षित और सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा। सबसे बड़ी परियोजना वार्ड संख्या-19 गोपलापुर में प्रस्तावित है। जिसकी लंबाई 2033 मीटर है।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तीनों परियोजनाओं की डीपीआर गुणवत्ता के सभी मानकों को ध्यान में रखते हुए तैयार की जाए, ताकि स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से शुरू कराया जा सके। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता अमित शर्मा, अधिशासी अभियंता और सहायक अभियंता भी मौजूद रहे।
पहली सड़क
वार्ड संख्या-80 राप्तीनगर में हाईडिल से मेडिकल कालेज रोड तक प्रस्तावित है। इसकी लंबाई 500 मीटर और चौड़ाई 24 मीटर होगी। यह मार्ग मेडिकल कालेज क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा और आसपास की कालोनियों के लोगों को बेहतर आवागमन का विकल्प उपलब्ध कराएगा। इससे इस क्षेत्र में वाहनों का दबाव भी कम होगा।
दूसरी सड़क
वार्ड संख्या-8 चरगावां में एजुकेयर कालेज से एसबीआइ लाइफ बैंक एटीएम स्थित जीडीए स्मार्ट रोड होते हुए यश आई क्लिनिक तक बनाई जाएगी। 730 मीटर लंबी और 18 मीटर चौड़ी यह सड़क शैक्षणिक संस्थानों, आवासीय क्षेत्रों और स्मार्ट रोड नेटवर्क को आपस में जोड़ेगी। इसके निर्माण से इस क्षेत्र में यातायात अधिक व्यवस्थित होगा और लोगों को कम दूरी में बेहतर संपर्क मिलेगा।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर का नया सवेरा अब होगा और जगमग, ताल किनारे बढ़ेगी रोशनी
तीसरी सड़क
वार्ड संख्या-19 गोपलापुर में रेड चिली रेस्टोरेंट से अमरावती टावर, शाही ग्लोबल हास्पिटल, एसबीआइ एटीएम, एपेक्स हास्पिटल और राष्ट्रीय राजमार्ग तक विभिन्न मार्गों का निर्माण किया जाएगा। 15 से 18 मीटर चौड़ी यह सड़क अस्पतालों और राष्ट्रीय राजमार्ग के बीच तेज संपर्क स्थापित करेगी। आपातकालीन सेवाओं, एंबुलेंस और आम नागरिकों के लिए यह मार्ग विशेष रूप से लाभकारी साबित होगा।