Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोरखपुर में सीएम ग्रिड योजना से बनेंगी तीन नई स्मार्ट सड़कें, यातायात होगा सुगम

    Updated: Sun, 24 May 2026 10:15 AM (IST)

    गोरखपुर नगर निगम ने सीएम ग्रिड योजना के तहत शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए तीन प्रमुख सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा ह ...और पढ़ें

    101 करोड़ की लागत से चमकेंगी प्रमुख सड़कें, जाम से मिलेगी राहत। सांकेतिक तस्वीर

    101 करोड़ की लागत से चमकेंगी प्रमुख सड़कें, जाम से मिलेगी राहत। सांकेतिक तस्वीर

    HighLights

    1. सीएम ग्रिड योजना से गोरखपुर में तीन सड़कें बनेंगी।

    2. परियोजना पर लगभग 101 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।

    3. शहर में यातायात सुगम होगा, जाम से मिलेगी राहत।

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। महानगर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और लगातार बढ़ रही जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने सीएम ग्रिड योजना के तहत तीन प्रमुख सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार किया है। अंतिम स्वीकृति के लिए इसे शासन में भेज दिया गया है।

    करीब 101 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के जरिए शहर के विभिन्न वार्डों में कुल 3.263 किलोमीटर लंबी सड़कों का कायाकल्प किया जाएगा। इन सड़कों के निर्माण से हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और शहर के कई महत्वपूर्ण मार्गों पर यातायात सुगम होगा। इन सड़कों के बनने से मेडिकल कालेज, शाही ग्लोबल हास्पिटल और एपेक्स हास्पिटल जैसे प्रमुख संस्थानों तक पहुंच आसान होगी। साथ ही व्यावसायिक क्षेत्रों में लगने वाले जाम की समस्या में भी काफी कमी आएगी।

    नगर निगम द्वारा तैयार कार्ययोजना में सड़कों के चयन के लिए मानक के अनुसार विशेष ‘मार्क स्कोर’ प्रणाली अपनाई गई है। इसमें सड़क की उपयोगिता, यातायात दबाव और स्थानीय जरूरतों के आधार पर 100 अंकों में मूल्यांकन किया गया। सबसे अधिक 88 अंक राप्तीनगर से मेडिकल कालेज रोड को मिले हैं। नगर आयुक्त गौरव जैन के निर्देश पर इन तीनों सड़कों के प्रस्ताव को अंतिम रूप देकर शासन में भेज दिया गया है।

    योजना के तहत वार्ड संख्या 80 राप्तीनगर में हाइडिल से मेडिकल कालेज रोड तक 500 मीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी। इस सड़क की प्रस्तावित चौड़ाई 24 मीटर होगी। इस परियोजना पर करीब 19 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मेडिकल कालेज तक पहुंचने वाले इस मार्ग के विकसित होने से आसपास के क्षेत्रों में यातायात दबाव कम होगा और अस्पताल आने-जाने वाले लोगों को राहत मिलेगी।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- गोरखपुर में छात्र अंश की मौत पर फूटा परिवार का गुस्सा, शव रखकर किया हंगामा

    इसी तरह वार्ड संख्या 08 में चरगावां में एजुकेयर क्लोजेज से एसबीआइ बैंक एटीएम (जीडीए स्मार्ट रोड) होते हुए यश आई क्लिनिक तक 730 मीटर लंबी सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। 18 मीटर चौड़ी इस सड़क के निर्माण पर लगभग 23 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

    परियोजना का सबसे बड़ा हिस्सा वार्ड संख्या 19 में प्रस्तावित गोपालापुर और लिंक मार्ग है। इसकी कुल लंबाई 2,033 मीटर होगी। इसमें रेड चिली रेस्टोरेंट से अमरावती टावर होते हुए शाही ग्लोबल हास्पिटल तक तथा अमरावती टावर से एसबीआइ बैंक होते हुए एनएच ब्रिज और एपेक्स हास्पिटल तक का मार्ग शामिल है। 15 से 18 मीटर चौड़े इस सड़क नेटवर्क के निर्माण पर करीब 59 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

    निरीक्षण के बाद नगर आयुक्त ने तीन और सड़कों को सीएम ग्रिड योजना से बनाने पर मुहर लगाई थी। उनके निर्देश पर तीनों सड़कों का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है।

    -

    -अमित शर्मा, नगर आयुक्त