गोरखपुर में 25 लाख लीटर से ज्यादा तेल आया, हो गया खत्म; पंपों पर लगी भीड़
गोरखपुर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि के बावजूद मांग में कमी नहीं आई, जिससे दो दिनों में 25 लाख लीटर से अधिक ईंधन की आपूर्ति के बावजूद अधिकांश ...और पढ़ें

आपूर्ति विभाग का दावा, दो दिन में दो सौ टैंकर मंगाया पर खत्म हो गया। जागरण
HighLights
गोरखपुर में दो दिन में 25 लाख लीटर ईंधन खत्म।
कीमत बढ़ने पर भी पेट्रोल-डीजल की मांग बरकरार।
ग्रामीण क्षेत्रों के पंप सूखे, शहर में भीड़।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। कीमतें बढ़ने के बाद भी पेट्रोल व डीजल की मांग में कोई कमी नहीं आयी। आपूर्ति विभाग का दावा है कि दो दिन में 25 लाख लीटर से ज्यादा पेट्रोल-डीजल मंगाया गया लेकिन मांग इतनी ज्यादा थी कि कुछ देर में यह खत्म हो गया।
आलम यह रहा है कि जिन पंपों से पूरे दिन में दो से तीन हजार लीटर डीजल-पेट्रोल की बिक्री होती थी उन पंपों से दो दिनों में 20 हजार लीटर से ज्यादा बिक्री हो चुकी है। महानगर में आपूर्ति सामान्य बनाने के चक्कर में ग्रामीण क्षेत्रों के ज्यादातर पंप ड्राई रहे।
एम्स थाना के पास इंडियन आयल के पंप पर लोगों की भीड़ देखते हुए पुलिस बुलानी पड़ी। अचानक संचालक ने घोषणा करने शुरू कर दी कि आनलाइन सर्वर खराब होने के कारण सिर्फ नकद लेकर ही तेल की बिक्री की जाएगी।
इसका वहां मौजूद लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। हालांकि पुलिस बल की मौजूदगी के कारण डिजिटल भुगतान करने के लिए पहुंचने वालों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का हुआ शिलान्यास, 19 महीने में काम होगा पूरा
तारामंडल क्षेत्र के इंडियन आयल और भारत पेट्रोलियम के पंपों पर मारामारी रही। नौसढ़ क्षेत्र में कई पंप पूरे दिन ड्राई रहे। ऐसे में लोग आपूर्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते रहे।
जिला पूर्ति अधिकारी रामेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दो दिन में गोरखपुर जिले को दो सौ टैंकर से ज्यादा की आपूर्ति की गई है। अगल-बगल के जिलों के लोग भारी संख्या में शहर में पहुंचे। सभी को तेल उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है। जनता भी धैर्य रखे और बहुत जरूरी होने पर ही वाहनों का इस्तेमाल करे। तेल की बर्बादी न करें।