जागरण प्रभाव: गोरखपुर में न्यू राजेश हाईटेक अस्पताल का ओटी सील,चार सदस्यीय जांच कमेटी गठित
गोरखपुर के सिकरीगंज स्थित न्यू राजेश हाईटेक अस्पताल में मोतियाबिंद ऑपरेशन के बाद 11 मरीजों की आंखों में गंभीर संक्रमण पाया गया। स्वास्थ्य विभाग ने तत् ...और पढ़ें

HighLights
मोतियाबिंद ऑपरेशन के बाद 11 मरीजों को संक्रमण।
स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल का ओटी किया सील।
चार सदस्यीय जांच समिति का गठन, 10 दिन में रिपोर्ट।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। सिकरीगंज स्थित न्यू राजेश हाईटेक अस्पताल में मोतियाबिंद के ऑपरेशन के बाद 11 रोगियों की आंखों में गंभीर संक्रमण का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। एहतियातन अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर (ओटी) को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए चार सदस्यीय कमेटी का गठन कर 10 दिन के भीतर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है।
जांच कमेटी की अध्यक्षता अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एके चौधरी कर रहे हैं। इसमें बीआरडी मेडिकल कालेज और जिला अस्पताल के एक-एक वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ के साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उरुवा के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को शामिल किया गया है। न्यू राजेश हाईटेक अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत रविवार को लगभग 30 लोगों के मोतियाबिंद का ऑपरेशन किया गया था।
इसके कुछ ही समय बाद 11 रोगियों की आंखों में संक्रमण की शिकायत सामने आई, जिससे स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। दैनिक जागरण ने इस मामले पर ‘मोतियाबिंद का आपरेशन कराने के बाद 11 मरीज गंभीर संक्रमण के शिकार’ शीर्षक से खबर बुधवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित की। खबर का संज्ञान लेते हुए सीएमओ डॉ. राजेश झा ने जांच कमेटी गठित कर दी।
बुधवार को प्रभारी चिकित्सा अधिकारी उरुवा डा. जेपी तिवारी ने अस्पताल पहुंचकर अंतरंग रोगी विभाग (आइपीडी) व आपरेशन थिएटर का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान ऑपरेशन में प्रयुक्त सिरिंज, दवाएं, सलाइन, आरएल, उपकरण समेत अन्य मेडिकल सामग्रियों को सील कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा, ओटी को सील कर दिया। साथ ही ऑपरेशन करने वाले चिकित्सक से भी पूछताछ की।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, बहन गंभीर रूप से घायल
उन्होंने बताया कि मीरा देवी, दीनानाथ, अर्जुन, रंजीत, जयराम, दुर्गविजय आदि प्रभावित रोगियों से बातचीत कर उनकी स्थिति की जानकारी ली गई है। उन्हें लखनऊ, दिल्ली, वाराणसी आदि शहरों में भर्ती कराया गया है। अधिकांश मरीजों की हालत में सुधार बताया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान उनके साथ अस्पताल के संचालक राजेश राय भी थे।
रोगियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की लगातार निगरानी की जा रही है।
-डॉ. राजेश झा, सीएमओ