गोरखपुर विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह में ABVP कार्यकर्ताओं से भिड़ी पुलिस, इंस्पेक्टर निलंबित
गोरखपुर विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह में एबीवीपी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हुई झड़प के बाद कैंट थाना प्रभारी संजय सिंह को निलंबित कर दिया गया है। ...और पढ़ें
HighLights
दीक्षा समारोह में एबीवीपी-पुलिस के बीच हुई झड़प।
कैंट थाना प्रभारी संजय सिंह को किया गया निलंबित।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं को प्रवेश न मिलने पर हुआ विवाद।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह के दौरान गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हुई धक्का-मुक्की के मामले में कैंट थाना प्रभारी संजय सिंह को निलंबित कर दिया गया है। एबीवीपी के प्रांत संगठन मंत्री पुनीत अग्रवाल के साथ धक्का-मुक्की और विवाद का पुलिस मुख्यालय ने भी संज्ञान लिया है। एसएसपी ने एसपी सिटी से दो दिन के भीतर जांच रिपोर्ट देने को कहा है।
गुरुवार को विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षा समारोह में शामिल होने के लिए एबीवीपी कार्यकर्ता पहुंचे थे। सुरक्षा व्यवस्था और प्रवेश संबंधी प्रतिबंधों के कारण उन्हें परिसर में प्रवेश नहीं दिया गया। इसे लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में धक्का-मुक्की में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान एबीवीपी के प्रांत संगठन मंत्री पुनीत अग्रवाल और कैंट इंस्पेक्टर संजय सिंह के बीच भी तीखी नोकझोंक हुई। एक ओर दीक्षा भवन में समारोह चल रहा था, वहीं दूसरी ओर विश्वविद्यालय परिसर के बाहर सड़क पर पुलिस और परिषद कार्यकर्ताओं के बीच तनावपूर्ण माहौल बना रहा।घटना के बाद पुनीत अग्रवाल के नेतृत्व में एबीवीपी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता एसएसपी कार्यालय पहुंचे।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में दो घंटे तक सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस, सड़क किनारे पड़ा रहा वृद्ध का शव
उन्होंने पुलिस के व्यवहार पर आपत्ति जताते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने कैंट थाना प्रभारी संजय सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जा रही है। दो दिन के भीतर जांच रिपोर्ट दे दी जाएगी।रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।